देहरादून: छात्राओं के हाथ में छात्रसंघ चुनाव की चाभी, डीएवी में सबसे ज्यादा वोटर, कल होगा मतदान

छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को होने वाला मतदान कई महाविद्यालयों में छात्राओं की संख्या अधिक होने की वजह से खासा अहम हो गया है। डीएवी पीजी कॉलेज, डीबीएस पीजी कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय देहरादून और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता रायपुर की मतदाता सूची में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है। ऐसे में चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों के लिए छात्राओं का समर्थन हासिल करना बड़ी चुनौती के साथ ही जीत की रणनीति का अहम हिस्सा बन गया है।

चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में प्रत्याशियों ने छात्र-छात्राओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की। हालांकि, प्रत्याशियों और छात्र संगठनों का विशेष फोकस महिला मतदाताओं पर रहा। छात्राओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भी प्रत्याशियों ने अपने एजेंडे में कई वादे शामिल किए हैं। छात्राओं की संख्या अधिक होना चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। बड़ी संख्या में महिला मतदाताओं के पास अपने पसंदीदा प्रत्याशी को चुनने का अधिकार है। ऐसे में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की नजर अब अधिक से अधिक छात्राओं के मतदान केंद्र तक पहुंचने और अपने पक्ष में मतदान कराने पर है।
महिला मतदाताओं को साधने में जुटे प्रत्याशी
चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशियों ने छात्राओं के बीच जाकर उनकी समस्याएं जानने और समाधान का भरोसा दिलाने पर जोर दिया। महाविद्यालय परिसर में सुरक्षा, छात्राओं के लिए सुविधाएं, परिवहन, स्वच्छता, पुस्तकालय और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दे भी प्रचार का हिस्सा बने। छात्र संगठनों ने भी छात्राओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए अंतिम समय तक संपर्क अभियान चलाया।
अब नजर मतदान प्रतिशत पर
मतदाता सूची में संख्या अधिक होने के बावजूद चुनावी तस्वीर मतदान के बाद ही साफ होगी। छात्राओं का मतदान प्रतिशत कितना रहता है, यह भी परिणाम को प्रभावित करने वाला अहम पहलू होगा। ऐसे में प्रत्याशियों की कोशिश है कि महिला मतदाता न केवल मतदान के लिए घर से निकलें, बल्कि उनके पक्ष में मतदान भी करें। मंगलवार को होने वाला मतदान इस लिहाज से सभी प्रत्याशियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

और पढ़े  उत्तराखंड: खुद से पहले जरूरतमंद छात्रों की फिक्र, लवप्रीत की सोच ने छू लिया CM धामी का दिल

सबसे ज्यादा वोटर डीएवी में
राज्य के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी पीजी कॉलेज में सबसे ज्यादा वोटर हैं। यहां कुल 10576 छात्र हैं। इनमें 5573 छात्राएं व 5003 छात्र शामिल हैं। डीबीएस में भी 940 छात्राएं और 720 छात्रों को मिलाकर कुल 1660 मतदाता हैं। जबकि राजकीय महाविद्यालय देहरादून में कुल 732 मतदाता हैं। इनमें 519 छात्राएं व 213 छात्र शामिल हैं। वहीं, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता रायपुर में 977 कुल मतदाता है। यहां 579 छात्राएं व 398 छात्र हैं। उधर एसजीआरआर पीजी कॉलेज का भी कुछ ऐसा ही हाल है। यहां कुल 1105 मतदाता हैं। इनमें 790 छात्राएं व 315 छात्र शामिल हैं।

  • Related Posts

    उत्तरकाशी रेस्क्यू: बर्फ में फंसे ट्रेकर्स तक पहुंचने की कोशिश जारी, कालिंदी खाल से सभी 19 लोग सुरक्षित निकाले

    उत्तरकाशी के कालिंदी खाल ट्रैक में फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए मंगलवार को रेस्क्यू अभियान फिर शुरू किया गया। फंसे सभी 19 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है।…

    चारधाम यात्रा: अब तक 53 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, बदरीनाथ-गंगोत्री धाम में टूटा पुराना रिकॉर्ड

    इस वर्ष चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है। वहीं चारों धामों में अब…