एशियन गेम्स के 10वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। पूजा ने ऊंची कूद में कांस्य जीता, गुलवीर सिंह ने अपना तीसरा पदक हासिल किया, जबकि महिला 4×400 मीटर रिले टीम ने स्वर्ण और पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष 4×400 मीटर रिले में भारत ने जीता कांस्य
भारत ने पुरुष 4×400 मीटर रिले में 3:01.61 के सीजन के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय चौकड़ी ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई। जापान ने 3:00.75 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कतर ने 3:00.93 के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। भारत स्वर्ण पदक विजेता जापान से 0.86 सेकंड पीछे रहा। जापान की जीत के साथ मौजूदा चैंपियन टीम का भी खिताब छिन गया। भारत ने दमदार प्रदर्शन के साथ रिले में पोडियम पूरा किया।
महिला 4×400 मीटर रिले में भारत के नाम स्वर्ण
Asian Games Live: महिला 4×400 मीटर रिले में भारत के नाम स्वर्ण
देव मीणा पोल वॉल्ट में सातवें स्थान पर, 5.50 मीटर की छलांग से बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
भारत के देव मीणा पुरुष पोल वॉल्ट फाइनल में 5.50 मीटर की ऊंचाई पार कर सातवें स्थान पर रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान 5.50 मीटर की छलांग के साथ अपना नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया। फिलीपींस के अर्नेस्ट जॉन ओबिएना ने 5.91 मीटर की छलांग के साथ एशियन गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। चीन के याओ जी ने 5.70 मीटर पार कर रजत और ली चेनयांग ने 5.70 मीटर पार कर कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत के दूसरे पोल वॉल्टर कुलदीप कुमार 5.35 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 10वें स्थान पर रहे।

पूजा ने ऊंची कूद में जीता कांस्य, 1.84 मीटर की छलांग के साथ पदक पक्का
भारत की पूजा ने महिला ऊंची कूद फाइनल में 1.84 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने 1.84 मीटर तक की सभी ऊंचाइयों को बिना किसी असफल प्रयास के पार किया। हालांकि, पूजा 1.87 मीटर की ऊंचाई को तीनों प्रयासों में पार नहीं कर सकीं। उज्बेकिस्तान की सैफुल्लाएवा और कजाखस्तान की ओवचिन्निकोवा ने 1.87 मीटर की ऊंचाई पार कर क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीता। पूजा ने पूरे फाइनल में संयमित प्रदर्शन किया और भारत के खाते में एक और पदक जोड़ दिया।

भारत ने 41.06 सेकंड के सीजन बेस्ट समय के साथ जीता कांस्य
मिक्स्ड 4×100 मीटर रिले में भारत ने 41.06 सेकंड का सीजन बेस्ट समय निकालते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेस में तीसरा स्थान हासिल किया। चीन ने 40.78 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि थाईलैंड 40.87 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहा। भारत का समय विजेता चीन से 0.28 सेकंड पीछे रहा और टीम ने कांस्य पदक पक्का किया।

मिक्स्ड 4×100 मीटर रिले फाइनल में उतरेगा भारत, पदक पर नजर
मिक्स्ड 4×100 मीटर रिले का फाइनल जल्द शुरू होने वाला है और भारत पदक की दावेदारी पेश करेगा। भारतीय टीम में गुरिंदरवीर सिंह, अभिनया राजाराजन, अनीमेश कुजूर और हरिता भद्रा शामिल हैं। भारत ने हीट में 41.54 सेकंड का समय निकालकर फाइनल में जगह बनाई थी। भारतीय चौकड़ी अपनी हीट में दूसरे और कुल मिलाकर तीसरे स्थान पर रही थी। अब फाइनल में एशिया की तेज रिले टीमों के खिलाफ भारतीय एथलीट पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।

गुलवीर ने जीता कांस्य
गुलवीर सिंह ने इस एशियाड का तीसरा पदक जीत लिया है। उन्होंने पुरुष 5000 मीटर स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक जीता। गुलवीर एक एशियाड में तीन व्यक्तिगत पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट हैं।

चौथे स्थान पर कायम अनुष्का यादव, चौथा प्रयास फाउल
महिला हैमर थ्रो फाइनल में भारत की अनुष्का यादव चौथे स्थान पर बनी हुई हैं। उनका चौथा प्रयास फाउल रहा, जिसके बावजूद वह अभी पदक की स्थिति के ठीक बाहर हैं। अनुष्का के सामने पदक स्थान पर मौजूद जॉय आइरिस मैकआर्थर से काफी अंतर है। उनके पास अब दो प्रयास बाकी हैं और वह बड़े थ्रो के जरिए इस अंतर को कम करके पदक की स्थिति में पहुंचने की कोशिश करेंगी।

2000 मीटर के बाद तीसरे स्थान पर गुलवीर
पुरुष 5000 मीटर फाइनल में 2000 मीटर की दौड़ पूरी होने के बाद भारत के गुलवीर सिंह तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। वह शुरुआती दौर में शीर्ष धावकों के साथ बने हुए हैं और पदक की स्थिति में नजर आ रहे हैं।
पूजा ने पहली कोशिश में पार की 1.84 मीटर की ऊंचाई, संयुक्त रूप से शीर्ष पर
भारत की हाई जंपर पूजा ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 1.84 मीटर की ऊंचाई को पहली ही कोशिश में पार कर लिया। इसके साथ ही फाइनल में उनका क्लीन शीट बरकरार है और अब तक उनका कोई भी प्रयास असफल नहीं रहा है। पूजा अब उज्बेकिस्तान की सैफुल्लाएवा के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं। सैफुल्लाएवा ने भी 1.84 मीटर की ऊंचाई पार कर ली है। अब बार की ऊंचाई बढ़ाकर 1.87 मीटर कर दी गई है, जहां पदक की जंग और कड़ी हो गई है।









