उत्तरकाशी के कालिंदी खाल ट्रैक में फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए मंगलवार को रेस्क्यू अभियान फिर शुरू किया गया। फंसे सभी 19 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एसडीआरएफ की टीम ने विषम मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर टीम ने ट्रेकर्स की सुरक्षित निकासी की। एसडीआरएफ की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम ने मौके पर रेकी कर बचाव कार्य किया। लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण अभियान में कई चुनौतियां सामने आईं। मौसम अनुकूल होने पर रेस्क्यू कार्य दोबारा शुरू किया गया और सभी ट्रेकर्स को सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया। इसके साथ ही कालिंदी खाल रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है। सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीमें अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ मिलकर बचाव कार्य में जुटी हैं।
आज रेस्क्यू अभियान के दौरान 19 और लोगों को सुरक्षित निकालकर हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया गया। इसके साथ ही कालिंदी खाल में फंसे सभी 19 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। हर्षिल हेलीपैड पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की मौजूदगी में रेस्क्यू टीमों और हेलिकॉप्टर के पायलट ने अभियान को लेकर आवश्यक समन्वय और विस्तृत प्लानिंग की।
इसके अलावा माउंट जॉगिंग क्षेत्र की रेकी के लिए एसडीआरएफ के दो जवान भी रवाना हुए हैं। टीम क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षित मार्ग का आकलन कर रही है। शेष ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान जारी है।








