रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा मोड़ के पास मंगलवार को कार और टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची बभनी और म्योरपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए बभनी और म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उनका उपचार चल रहा है।
बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नधिरा टोला निवासी अंजली (35) पत्नी राजेश खरवार, धरती डांड़ निवासी सुनील गुप्ता (25) पुत्र भोलानाथ समेत कई घायलों को भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल सुनील गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया कि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही सुनील गुप्ता ने भी दम तोड़ दिया।
वहीं, म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 10 वर्षीय लवकुश, दो वर्षीय छोटी 28 वर्षीय मंजू डेढ़ वर्षीय शिवांश, 60 वर्षीय फूलमती, 28 वर्षीय पूजा, सात वर्षीय पूर्णिमा, पांच वर्षीय आकृति, पांच वर्षीय अयांश, सात वर्षीय उषा, 37 वर्षीय हीनकुंवर और 45 वर्षीय पानमति समेत अन्य घायलों का उपचार किया गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने मदद की। एक साथ कई घायलों के अस्पताल पहुंचने से अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे की खबर से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि सभी मृतकों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवाया जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।







