अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह असम राइफल्स की गश्ती टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। हमले में एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी और अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे नामपोंग नाला के पास हुई। यहां 21 असम राइफल्स के जवान उस इलाके में गश्त कर रहे थे, जहां भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले में NSCN (K-YA) से जुड़े उग्रवादियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक सुरक्षा एजेंसियों या असम राइफल्स की ओर से हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में अभियान तेज कर दिया है और संदिग्ध उग्रवादियों की तलाश की जा रही है।







