आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चंद्र शेखर आजाद को पुलिस ने फिलहाल नरेंद्रनगर बाईपास पर रोक दिया। सांसद चंद्र शेखर आजाद प्रतापनगर के देवल गांव में मृतक केतन लाल के परिजनों को सांत्वना देने जाने के लिए निकले हैं।
केतन हत्याकांड मामले में मंगलवार को फिर से टिहरी जा रहे भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को शंकराचार्य चौक के पास पुलिस ने बेरिकेडिंग कर रोक दिया। काफी देर तक कार्यकर्ता आगे बढ़ाने की जिद करते रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें नहीं जाने दिया।
केतन हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवार से मिलने के लिए टिहरी जा रहे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और खानपुर विधायक उमेश कुमार को समर्थकों के साथ कुछ दिन पहले भी पुलिस ने शंकराचार्य चौक पर रोक दिया। इस दौरान हुई खींचातानी में सांसद की शर्ट फट गई। उन्होंने पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। घंटों हंगामे के बाद आईजी गढ़वाल ने फोन पर उन्हें पीड़ित परिवार से जल्द मिलाने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तो वह लौट गए। लेकिन आज फिर वह समर्थकों के साथ फिर से पहुंच गए।
प्रदेश में अनुसूचित जाति के लोगों के उत्पीड़न के विरोध में भीम आर्मी के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास कूच करने पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोककर हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए सभी कार्यकर्ताओं को डालनवाला थाने पहुंचाया गया।
Uttarakhand: केतन हत्याकांड, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को पुलिस ने रोका, दून में हिरासत में लिए गए कुछ कार्यकर्ता








