भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को काशी में पहली जनसभा की और कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन पर निशाना साधा। वाराणसी में नितिन नवीन बोले कि कांग्रेस राजपरिवार के शहजादे विरासत के सहारे राजनीति में पहुंचे हैं। नरेंद्र मोदी को भाजपा ने प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया और देश की जनता ने उन्हें चुनकर दिल्ली पहुंचाया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है। माफिया मिट्टी में मिल गए हैं। सांस्कृतिक, आध्यात्मिक विरासत और विकास प्रदेश की नई पहचान बनी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर और मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर विरासत के उदाहरण हैं। भव्य-दिव्य कुंभ और मथुरा-वृंदावन की चहल-पहल भी नए उत्तर प्रदेश और नए भारत की पहचान है।
कहा कि सात अक्तूबर 2001 को गुजरात की धरती पर एक करिश्माई नेतृत्व का आगमन हुआ। उस समय भुज के भूकंप से गुजरात त्रस्त था। कई महीनों तक भूकंप के झटके आते रहे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गुजरात फिर खड़ा हुआ और मॉडल स्टेट के रूप में सामने आया। सरकार के मुखिया के रूप में प्रधानमंत्री मोदी ने 25 वर्ष पहले गुजरात से जो यात्रा शुरू की, उसका अनुभव आज पूरा भारत ले रहा है।
राहुल गांधी, तुम सुन लो! जब तक भारत में सनातन की शक्ति है, तुम नरेंद्र मोदी का बाल भी बांका नहीं कर सकते। ये बात जनसभा में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कही। वो बोले, जो लोग सोचते हैं कि 10-20 हजार लोगों को इकट्ठा करके नरेंद्र मोदी को रोका जा सकता है, वे गलत हैं।
उन्होंने कहा कि देश की करोड़ों माताओं की शक्ति, करोड़ों युवाओं की शक्ति और सनातन भारत का आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। उन्होंने कहा कि एक समय असम में हर दिन बम विस्फोट होते थे, लेकिन आज वहां सेमीकंडक्टर बन रहे हैं। यही नए भारत की तस्वीर है।
कभी संसद तक पर हमला होता था, लेकिन आज भारत पाकिस्तान में घुसकर जवाब देता है। एक समय लोग अयोध्या में राम मंदिर बनने की कल्पना भी नहीं करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण हुआ।





