ऊना जिले के हरोली में बन रहे बल्क ड्रग पार्क से हिमाचल के युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर खुलेंगे। इस परियोजना में देश की 32 फार्मा कंपनियों ने निवेश करने के लिए सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। विधानसभा में विधायक राकेश जम्वाल के सवाल के लिखित जवाब में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने यह जानकारी दी। 2,071 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का व्यावसायिक संचालन 31 मार्च 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य है। परियोजना के पूरी तरह शुरू होने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 20 हजार लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। इनमें 80 प्रतिशत यानी लगभग 16 हजार पद हिमाचल के युवाओं के लिए आरक्षित होंगे।
बच्चों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शुरू की गई राजीव गांधी गवर्नमेंट मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल योजना की रफ्तार धीमी है। सरकार ने भले ही 33 विधानसभा क्षेत्रों में 50 स्कूलों को स्थापित करने और स्तरोन्नत करने की मंजूरी दे दी है, लेकिन अभी तक एक भी डे-बोर्डिंग स्कूल में पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई है। शनिवार को विधानसभा में शिक्षा मंत्री की ओर से नाचन के विधायक विनोद कुमार को दिए गए लिखित जवाब में में यह जानकारी दी गई। विधायक ने योजना के तहत स्वीकृत स्कूलों और उनके संचालन की स्थिति को लेकर जानकारी मांगी थी। सरकार के अनुसार, प्रदेश में 13 नए राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें सबसे अधिक सात स्कूल कांगड़ा जिले में स्वीकृत किए गए हैं। ये स्कूल ज्वाली, जयसिंहपुर, पालमपुर, नगरोटा बगवां, फतेहपुर, इंदौरा और ज्वालामुखी में प्रस्तावित हैं। नादौन, बड़सर और भोरंज में तीन स्कूल बनाए जाएंगे।







