Post Views: 13,269
दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर बुधवार को दिल्ली में हुए उनके विरोध प्रदर्शन के दौरान दर्ज की गई है। उन पर पुलिस कर्मियों से कथित तौर पर मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है।
पुलिस ने गुरुवार को इस मामले की जानकारी दी। यह दो दिनों में दोनों नेताओं के खिलाफ दर्ज की गई दूसरी एफआईआर है। पुलिस ने बुधवार को एक और मामला दर्ज किया था।
राहुल-प्रियंका के खिलाफ आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने पर भी एफआईआर
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विपक्ष के मार्च के दौरान आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने के आरोप में कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस ने कहा कि मार्च की अनुमति के लिए नई दिल्ली पुलिस उपायुक्त के कार्यालय में न तो कोई आवेदन दिया गया था और न ही मार्च की अनुमति दी गई थी।
नई दिल्ली जिला पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को आकाशवाणी भवन में आठ घंटे से अधिक समय तक धरना देने पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत 300 लोगों को हिरासत में ले लिया था।
विपक्षी सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व वाले निर्वाचन आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। वे वोट चोरी का मुद्दा भी उठा रहे थे। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इंडिया गठबंधन में शामिल दलों ने मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन आयोग तक मार्च करने की योजना बनाई थी।