उपराज्यपाल ने राजधानी के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए 34 वरिष्ठ आईएएस और दानिक्स अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। बृहस्पतिवार देर शाम नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए गए। जारी आदेश के तहत 22 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों और 8 दानिक्स कैडर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है, जिसका सीधा प्रभाव दिल्ली की बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और आबकारी व्यवस्था पर पड़ेगा।
फेरबदल में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और उपराज्यपाल सचिवालय के प्रशासनिक ढांचे को भी नया रूप दिया गया है। दानिक्स अधिकारी हर्षित जैन को संयुक्त सचिव (सीएमओ) व हरमिंदर सिंह को उपराज्यपाल का अतिरिक्त निजी सचिव बनाया गया है। उपराज्यपाल के विशेष सचिव रहे आईएएस चीमला शिव गोपाल रेड्डी को एमसीडी में डिप्टी कमिश्नर पद पर भेजा गया है। इसके अलावा, प्रसन्ना रामास्वामी जी. को एमसीडी में अतिरिक्त आयुक्त और डॉ. सत्येंद्र सिंह दुरसावत को उच्च शिक्षा निदेशक की जिम्मेदारी मिली है।
आदेश में पोस्टिंग का इंतजार कर रहे अफसरों को तुरंत प्रभाव से मुख्य तैनातियां दी गई हैं। आईएएस संजय कुमार को डीएसआईआईडीसी का एमडी और आईटी सचिव का प्रभार मिला है। साथ ही, स्वाति शीमार को शिक्षा विभाग में अतिरिक्त निदेशक और पद्माकर राम त्रिपाठी को परिवहन विभाग में संयुक्त आयुक्त पद पर तैनात किया गया है।







