Views: 28,750
मुख्यमंत्री धामी सोमवार को करीब पौने तीन बजे बिंदुखत्ता पहुंचे। सरस्वती शिशु मंदिर मैदान, संजय नगर में आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में पहुंचने पर उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने पुष्पवर्षा की, जबकि छोलिया नृत्य दल ने पारंपरिक अंदाज में उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया और दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने प्रहलाद सिंह मेहरा के परिजनों का भी स्वागत किया। इस दौरान प्रहलाद सिंह मेहरा के भाई मनोहर मेहरा, पुत्र नीरज मेहरा, कमल मेहरा सहित अन्य परिजनों ने मुख्यमंत्री को कुमाऊं की सांस्कृतिक पहचान रणसिंघा भेंट किया। मुख्यमंत्री ने रणसिंघा बजाकर महोत्सव की शुरुआत की।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैडा, विधायक डा मोहन बिष्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, शंकर कोरंगा, कमलेश चंदोला, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित नैनीताल जनपद के तमाम जनप्रतिनिधि, नेता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।