Post Views: 13,265
उत्तरप्रदेश के लखनऊ जिले के थाना चिनहट क्षेत्र के सराय शेख निवासी रोमा कुमारी और उसके साथी प्रिंस कुमार पर एक छात्र को प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल, धोखाधड़ी, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगा है। मृतक की मां ने थाना सेलाकुई में शिकायत देकर दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर मामले की जांच कर दी है।
थाना प्रभारी लोकपाल परमार के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के थाना मटेरा क्षेत्र के ग्राम ऐलासपुर अगैय्या निवासी पूजा देवी ने शिकायत में बताया कि उनका 26 वर्षीय पुत्र रविंद्र कुमार देहरादून स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में बीएनवाईएस (नर्सिंग कोर्स) अंतिम वर्ष का छात्र था। आरोप है कि रोमा कुमारी ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर विवाह का झांसा दिया, अश्लील ऑडियो-वीडियो और चैट के जरिए ब्लैकमेल किया तथा धन उगाही और मानसिक उत्पीड़न किया। इस षड्यंत्र में प्रिंस कुमार और अन्य लोगों की भी संलिप्तता बताई गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना के चलते उनके बेटे ने आठ फरवरी 2026 को प्रेमनगर स्थित अपने किराये के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मोबाइल, डायरी और अन्य सामग्री कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बाद में मोबाइल मिलने पर उसके चैट, ऑडियो, वीडियो, कॉल रिकॉर्डिंग और लाइव लोकेशन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों से कथित ब्लैकमेल और मानसिक उत्पीड़न की बात सामने आने का दावा किया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना वाले दिन युवती ने मृतक के पिता को किया था व्हाट्सएप कॉल
शिकायतकर्ता मां के अनुसार, आत्महत्या वाले दिन आरोपी युवती ने मृतक के पिता को व्हाट्सएप कॉल कर बताया कि रविंद्र कुमार से संपर्क नहीं हो पा रहा है। आरोप है कि उसने किसी व्यक्ति को कमरे पर भेजकर दरवाजा अंदर से बंद होने की जानकारी भी दी। शिकायत में कहा गया है कि युवती ने फोन पर यह भी पूछा कि क्या दरोगा साहब का फोन आया है, जब पिता ने कारण पूछा तो उसने फोन काट दिया। बाद में दोबारा कॉल करने पर युवती ने कहा कि अभी पुलिस का फोन आएगा। कुछ देर बाद थाना सेलाकुई पुलिस ने मृतक के पिता को रविंद्र कुमार की आत्महत्या की सूचना दी।