बिहार में एनडीए को प्रचंड जीत मिलने के बाद एक बार फिर नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। वह 19 वर्ष तक बिहार की सत्ता के शीर्ष पर रह चुके हैं। वह बिहार में सबसे लंबे समय तक सत्ता संभालने वाले मुख्यमंत्री भी हैं। बिहार में अभी तक किसी भी मुख्यमंत्री का कार्यकाल इतना लंबा नहीं रहा है। देश के अब तक इतिहास को देखें तो सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वालों की सूची में नीतीश कुमार का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही वह पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिसने नौ बार इस पद की शपथ ली है। अब वह दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
देश में कितने मुख्यमंत्रियों का कार्यकाल नीतीश से भी ज्यादा रहा?
इस सूची में सबसे पहला नाम सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे पवन कुमार चामलिंग का आता है। वह 1994 से 2019 तक लगभग 24 वर्षों तक सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे। इन्होंने कुल पांच बार पद की शपथ ली। वह सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के नेता हैं। इस सूची में दूसरा नाम नवीन पटनायक का आता है। वह बीजू जनता दल से 24 वर्ष 99 दिनों तक ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे। नवीन पटनायक ने पांच बार पद की शपथ ली थी।
पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु 1977 से 2000 तक लगभग 23 वर्ष बंगाल के रहे। उन्होंने ने भी पांच बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री गेगोंग अपांग हैं, जिनका पहला कार्यकाल 1980 से 1999 तक और फिर दूसरा कार्यकाल 2003 से 2007 रहा। उन्होंने कुल पांच बार पद की शपथ ली थी। लेकिन इस दौरान वह लगातार पार्टी बदलते रहे।
इसके बाद मिजोरम के लाल थनहवला का नाम है, जो तीन अलग-अलग कार्यकाल में मुख्यमंत्री रहे। वह कांग्रेस पार्टी से 1984 से 1986, 1989 से 1998 और 2008 से 2018 तक 22 वर्ष मुख्यमंत्री पद पर रहे। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के वीरभद्र सिंह जो 21 वर्ष मुख्यमंत्री रहे, त्रिपुरा के माणिक सरकार जो 19 वर्ष से ज्यादा मुख्यमंत्री पद पर रहे।
इसके बाद बिहार के सीएम नीतीश कुमार का नाम आता है। जो 19 वर्षों से बिहार के सीएम हैं। उन्होंने कुल नौ बार सीएम पद की शपथ ली है। इस बार वह दसवीं बार पद की शपथ लेंगे। अगर वह 2030 तक सीएम पद पर बने रहते हैं तो वह सबसे लंबे समय तक सीएम रहने की इस सूची में टॉप तीन में शामिल हो जाएंगे।









