अब्दुल्ला आजम के दो पैनकार्ड मामले में जमानत मिलने पर शनिवार शाम रामपुर जेल से बाहर आए सपा नेता आजम खां को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने जेल के गेट से ही गिरफ्तार कर लिया। आजम के जेल से बाहर कदम रखते ही ईडी की टीम अपनी गाड़ी में बैठाकर साथ ले गई।
वहीं, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को जेल से रिहाई मिल गई। रामपुर के एसपी अनिल सिंह सिसोदिया ने बताया कि ईडी की टीम आजम को लेकर पूछताछ के लिए गाजियाबाद ले गई है, जहां कोर्ट में पेशी की जाएगी।
दरअसल दो पैनकार्ड मामले में जिला स्तरीय अदालत से आजम खां और अब्दुल्ला आजम को सात-सात साल की सजा सुनाए जाने के बाद 17 नवंबर 2025 को जेल भेजा गया था। तभी से दोनों जेल में थे। हाईकोर्ट से 29 अक्तूबर को जमानत मिल गई थी।

शुक्रवार को कोर्ट से रिहाई का परवाना जेल पहुंचा था। शनिवार की शाम को आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम 11 महीने 14 दिन बाद जेल से रिहा हुए। आजम खां ने जेल से बाहर कदम रखा ही था कि जेल के गेट पर पहले से मौजूद ईडी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान ईडी के अफसरों की आजम खां से कुछ सेकंड की बहस भी हुई। वहीं गेट पर बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने भी ईडी के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं गाड़ी को घेरकर खड़े हो गए थे। बाद में पुलिस की मदद से गाड़ी के लिए रास्ता बनाया गया। काफी देर तक यहां नारेबाजी होती रही।
आजम बोले… मुसलमान होने की सजा मिली, यूनिवर्सिटी बनाना मेरा गुनाह
पहले अभिवादन, फिर हाथ उठाकर आजम ने आसमान की तरफ किया इशारा
दोपहर से जेल के बाहर बड़ी संख्या में मौजूद सपाई और आजम समर्थक उनके बाहर आते ही उनके करीब पहुंचने और चेहरा दिखाने की कोशिश करने लगे। ईडी टीम और साथ मौजूद फोर्स ने लोगों को ज्यादा नजदीक आने का मौका नहीं दिया। रिहाई की उम्मीद मानकर सुबह से खुशियों के अंदाज में जुटे लोग उनकी फिर हिरासत से मायूस हो गए।
टाइम लाइन
- शाम 4:30 बजेः जेः रामपुर जेल में सभी परवाने पहुंचे
- शाम 5:00 बजेः जेल गेट पर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी
- शाम 5:30 बजेः आजम खां के वकीलों का पैनल जेल पहुंचा
- शाम 6:15 बजेः प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम जेल पहुंची
- शाम 7:00 बजेः आजम खां जेल से बाहर आए
- शाम 7:01 बजेः ईडी की टीम ने गेट पर ही आजम खां को हिरासत में लिया
- शाम 7:02 बजेः ईडी की गाड़ी के आगे समर्थक खड़े हो गए, ईडी के खिलाफ नारे लगाए
- शाम 7:05 बजेः आजम खां-ईडी टीम में हिरासत में लेने को लेकर नोकझोंक हुई
- शाम 7:25 बजेः आजम खां ने ईडी टीम की गाड़ी के पायदान पर खड़े होकर समर्थकों का अभिनंदन स्वीकारा
- शाम 7:30 बजेः ईडी की टीम आजम खां को लेकर जेल गेट से रवाना हो गई।
अब्दुल्ला करेंगे आजम खां की मजबूत पैरवी
अचानक हुए ईडी वाले घटनाक्रम की कोई जानकारी नहीं थी, ईडी अचानक जेल के गेट पर आ धमकी, जिससे सब कुछ हौचपौच हो गया। कोई गिरफ्तारी वारंट नहीं दिखाया, जबरन आजम खां को अपने साथ लेकर चले गए। अभी यह भी नहीं पता है कि कहां ले गए है। गनीमत यह है कि अब्दुल्ला आजम घर पहुंच गए हैं, अब वह आजम खां के मामले की मजबूत पैरवी कर सकेंगे। आज के घटनाक्रम की पूरी जानकारी सपा प्रमुख अखिलेश यादव तक पहुंच चुकी है, पार्टी आजम खां के साथ है।-अजय सागर, जिलाध्यक्ष सपा, रामपुर।
यह सरासर अन्याय है
हाईकोर्ट ने जब आजम खां व अब्दुल्ला आजम को जमानत दी है तो उन्हें कम से कम घर तो पहुंचने देते, जेल के गेट से आजम खां को हिरासत में लेना सरासर अन्याय है। यह कानूनी प्रक्रिया नहीं हो सकती। -फिरोज खां, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष संभल।
आजम खां को लेकर तो सबको यही उम्मीद थी कि आज घर पहुंच जाएंगे। जेल के बाहर भीड़ भी इसी इंतजार में थी, लेकिन ईडी की टीम उन्हें अपने साथ ले गई। अब्दुल्ला आजम घर आ गए हैं। आजम खां भी जल्द घर आएंगे।– अजहर खां, पूर्व पालिकाध्यक्ष
अब्दुल्ला आजम को घर पहुंचते देखकर अच्छा लगा। परिवार के लिए भी यह राहत की बात होगी। आजम खां को ईडी वाले ले गए। जल्द ही आजम खां रिहा होकर एक फिर हमारे बीच होंगी।-नम्मू खां
आजम खां की रिहाई की खबर सुनकर हम भी जेल के बाहर पहुंच गए थे। सोचा था उनसे मुलाकात होगी, लेकिन ईडी की टीम उन्हें ले गई। अब्दुल्ला आजम घर आ गए हैं। -मोइन खान
काफी समय बाद परिवार के लिए राहत की खबर आई है। अब्दुल्ला आजम घर पहुंच गए, लेकिन आजम खां को ईडी अपने साथ ले गई।- हाजी राशिदुल्लाह खान







