उत्तराखंड- ठंड के बीच बयानों से कुमाऊं में बढ़ रही सियासी गर्मी, गुटबाजी खुलकर आई सामने

 

पहाड़ों में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सुबह-शाम गलन है, कोहरा छा रहा है और तापमान लगातार नीचे गिर रहा है। इस सर्द मौसम के उलट प्रदेश की राजनीति में गर्माहट बढ़ती जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल के भीतर बयानबाजी, असहमति और गुटीय टकराव अब मंचों व सोशल मीडिया पर खुले तौर पर नजर आने लगे हैं। चंपावत से लेकर ऊधमसिंह नगर और अल्मोड़ा से लेकर नैनीताल जिले तक हर तरफ बयानों का तूफान असंतोष की आग में घी डालने का काम कर रहा है। पढ़िए कहां किस तरह सियासत गरमाई है..

ऊधमसिंह नगर….गदरपुर में दिखी गुटबाजी

गदरपुर सीट पर भाजपा नेताओं के बीच चल रहा मनमुटाव उभरकर सामने आ चुका है। मौका था दो दिसंबर को बुक्सा समाज के अराध्य राजा जगतदेव सिंह के मूर्ति के अनावरण का। जहां एक ओर सीएम पुष्कर सिंह धामी और गुंजन सुखीजा सहित अन्य भाजपा नेताओं का बड़ा धड़ा एकजुट दिखा। सीएम ने मूर्ति का वर्चुअली जबकि विधायक अरविंद पांडेय ने प्रत्यक्ष रूप से अनावरण किया। इसके बाद वह कई बुक्सा समाज के लोगों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंच गए थे। उन्होंने वहां कहा कि सीएम साहब को उनसे तकलीफ है तो कोई नही… लेकिन वह उनके छोटे भाई हैं। यह घटनाक्रम पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक न होने का साफ संकेत देता है।

 

नैनीताल… सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप

नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक में राजनीति अब सोशल मीडिया के जरिये लड़ी जा रही है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में विधायक राम सिंह कैड़ा के दलबदल पर दिए गए बयान सियासी चर्चा में हैं। इसके एक-दो दिन बाद भाजपा नेता दान सिंह भंडारी ने कहा कि वह ओछी राजनीति नहीं करते। वहीं, ओखलकांडा के ब्लॉक प्रमुख केडी रुवाली और पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा के बीच आरोप–प्रत्यारोप की जंग ने मामले को और गरमा दिया है। रूवाली ने कोविडकाल के सैनिटाइजर छिड़काव में घोटाले का आरोप लगाया तो पूर्व प्रमुख कमलेश कैड़ा ने ब्लॉक के गेस्टहाउस में शराब पार्टी करने का आरोप लगा पलटवार किया।

अल्मोड़ा… द्वाराहाट में भी द्वंद्व

और पढ़े  हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड: पुलकित आर्य के घर के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने किया गिरफ्तार

22 दिसंबर को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठने के लिए पूर्व विधायक महेश नेगी और भाजपा विभाग प्रभारी अनिल शाही के बीच हुई नोकझोंक की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि नेगी की फेसबुक पर डाली गई बाय-बाय द्वाराहाट पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है। बता दें कि 2022 में भाजपा ने सीटिंग विधायक नेगी का टिकट काटकर शाही को मैदान में उतारा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

चंपावत… सवालों की आंच

पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल एक बार फिर सरकार के लिए असहज सवाल खड़े कर रहे हैं। पंचायत चुनाव में टिकट बंटवारे पर नाराजगी जता चुके फर्त्याल ने अब जल जीवन मिशन की अधूरी योजनाओं पर सरकार से सीधे जवाब मांगा है। 313 ग्राम पंचायतों में अधूरी पड़ीं 771 योजनाओं को पूरा करने के लिए 153 करोड़ रुपये की मांग ने चंपावत की राजनीति को गर्मा दिया है। इससे पहले वह अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में भी प्रश्न उठा चुके हैं।

पिथौरागढ़… डीडीहाट में नहीं सब ठीकठाक

जनपद में बीजेपी नेताओं के बीच टकराव और मनमुटाव सबसे ज्यादा डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में नजर आ रहा है। यहां विधायक बिशन सिंह चुफाल और ब्लॉक प्रमुख गुड्डू धामी के बीच जुबानी जंग जारी है। सीएम के करीबी रिश्तेदार गुड्डू धामी ने कुछ दिन पूर्व विधायक निधि के कार्यों आदि पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की थी। विधायक चुफाल ने भी इस पर पलटवार किया था।

हम सब भाजपा के अनुशासित कार्यकर्ता है। सभी से बात कर आपस के मनमुटाव को दूर किया जा रहा है। हम सब भाजपा परिवार का हिस्सा हैं। यहां सभी की बात सुनी जाती है। संगठन की सीधी लाइन है कि सभी को अनुशासन में रहकर पार्टी के फोरम में बात रखनी चाहिए।– तरुण बंसल-भाजपा प्रदेश महामंत्री

  • Related Posts

    हरिद्वार: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, 65 पार के लक्ष्य पर होगा मंथन, राजनाथ भी पहुंचे

    विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान तेज करने की रणनीति बनाई है। आज प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति…

    डोईवाला चीनी मिल: सांसद त्रिवेंद्र ने किया नए सत्र का शुभारंभ, 25 लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य

    डोईवाला चीनी मिल में रविवार को नए पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ हो गया। 25 लाख कुंतल गन्ने की पेराई के लक्ष्य के साथ मिल की मशीनें एक बार फिर…