राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की जमीन के फर्जी कागजातों के आधार पर खरीद-बिक्री के मामले में भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (एसीबी) ने अप्राथमिकी अभियुक्त और रांची के तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी के आवास पर दोबारा छापेमारी की। घंटों तक चली इस छानबीन के दौरान जांच दल ने अवैध जमीन रजिस्ट्री और सरकारी दस्तावेज में की गई हेराफेरी से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और दस्तावेज जब्त किए।
एसीबी ने इस मामले में आपराधिक साजिश की धारा बीएनएस 61 और अपराध में सहयोग करने पर बीएनएस 49 भी जोड़ी है। सरकारी पद का दुरुपयोग कर अनुचित लाभ हासिल करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(क) सहपठित धारा 13(2) के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही भ्रष्टाचार में सहयोग करने और बिचौलिए की भूमिका निभाने को लेकर धारा 12 भी शामिल की गई है। जमीन दलालों और अधिकारियों के इस सिंडिकेट ने सुनियोजित ढंग से इस घोटाले को अंजाम दिया। इन कठोर और गैर-जमानती धाराओं में दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को लंबी जेल होने के आसार हैं।
एसीबी मुख्यालय में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी रही। विशेष जांच टीम ने सुबह से ही आइएएस अधिकारी मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी, राजेश कुमार, अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे, शैलेश कुमार और मनोज कुमार को आमने-सामने बिठाकर सवाल-जवाब किए। पूछताछ का मुख्य केंद्र बिंदु रिम्स की अधिग्रहित व सरकारी प्रकृति की जमीन के मूल दस्तावेज में छेड़छाड़, फर्जी डीड तैयार करने की प्रक्रिया, संदिग्ध म्यूटेशन और निबंधन कार्यालय स्तर पर दी गई नियम विरुद्ध स्वीकृतियां थीं। जांच अधिकारियों ने जुटाए सबूत सामने रखकर सिंडिकेट में शामिल हर व्यक्ति की भूमिका का पता लगाया।





