सोमवार सुबह दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह 8 बजे राष्ट्रीय राजधानी का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 249 दर्ज किया गया। पंजाबी बाग 282 एक्यूआई के साथ सबसे प्रदूषित निगरानी स्टेशन रहा। सीपीसीबी के अनुसार, नोएडा में एक्यूआई 214 रहा, बुलंदशहर में 185, गाजियाबाद में 237, हापुड़ में 219 रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले पांच दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मुख्य रूप से साफ आसमान रहने का पूर्वानुमान जताया है। 23 और 24 नवंबर की सुबह हल्की धुंध और उथला कोहरा छाने की संभावना है। 22 नवंबर को जारी जिला-वार पूर्वानुमान में दिल्ली के सभी जिलों और नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद जैसे पड़ोसी क्षेत्रों में समान मौसम की उम्मीद है। 25 और 26 नवंबर को कई स्थानों पर हल्की धुंध और उथला कोहरा रहने का अनुमान है। 25 नवंबर को कुछ स्थानों पर और 26 नवंबर को कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा छा सकता है।
रविवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के प्रदूषण नियंत्रण उपायों के प्रदर्शन का आकलन शुरू किया। इसकी 2026 की रिपोर्ट कार्ड में अक्तूबर तक की प्रगति शामिल है। इसमें औद्योगिक निरीक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और प्रदूषण निगरानी बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कमियां उजागर हुई हैं। स्टेट एक्शन प्लान-2026 रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, दिल्ली और चार राज्यों में से किसी ने भी लक्षित संख्या में हरित श्मशान घाट स्थापित नहीं किए हैं। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 421 हरित श्मशान घाटों का संयुक्त लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्तूबर तक उपलब्धि शून्य रही।






