चेहरे पर मुंहासे, दाग-धब्बे हटाने के लिए हम सभी कई तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। चिंताजनक बात ये है कि ज्यादातर उत्पाद हम सभी बिना किसी विशेषज्ञ की सलाह के ओवर-द-काउंटर या फिर सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर खरीद लेते हैं। पर हर उत्पाद सभी लोगों के लिए फायदेमंद हो, ये जरूरी नहीं है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सबकी त्वचा अलग प्रकृति की होती है, हमें डॉक्टर की सलाह पर उसके अनुसार ही प्रोडक्ट्स लेने चाहिए। गलत उत्पादों का इस्तेमाल कई बार दूसरी बड़ी समस्याओं का कारण बन सकते हैं।
क्या है पूरा मामला?
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक केरलम में एक स्किन क्रीम बनाने वाली कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को जानकारी दी कि क्रीम में पारा की मात्रा जरूरत से ज्यादा होने के कारण 17 वर्षीय लड़की को गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हुईं। उसकी किडनी तक डैमेज हो गई है। अरीकोड पुलिस ने रविवार रात लड़की की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है।
एफआईआर के मुताबिक, लड़की ने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखकर ये क्रीम खरीदी थी। क्रीम का प्रचार इस दावे के साथ किया जा रहा था कि यह चेहरे के मुंहासे और दाग-धब्बे दूर करके स्किन को चमकदार बनाती है। हालांकि इसके इस्तेमाल के बाद लड़की को गंभीर साइड-इफेक्ट्स हुए हैं।
- आरोप है कि कंपनी को क्रीम के टॉक्सिक होने की जानकारी थी, फिर भी इसे बेचा जा रहा था।
- लड़की को किडनी में हुई समस्याओं के इलाज पर अब तक करीब एक लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।
- डॉक्टरों का दावा है कि क्रीम के इस्तेमाल के कारण उसके शरीर में पारे की मात्रा काफी बढ़ गई थी।
मर्करी के क्या खतरे हो सकते हैं?
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि पारा एक जहरीली भारी धातु है जिसे मेलेनिन के उत्पादन को रोकने के लिए कुछ स्किन क्रीम में इस्तेमाल किया जाता है। एंटी-एजिंग, मुंहासे और दाग-धब्बों को छुपाने वाली क्रीमों में भी इसका अवैध रूप से या गलत तरीके से इस्तेमाल करने की खबरें आती रही हैं। इस तरह के उत्पादों का इस्तेमाल करने से कई तरह के साइड-इफेक्ट्स हो सकते हैं।
- पारा किडनी में जमा हो जाता है और किडनी फेलियर का कारण बन सकता है।
- इसके संपर्क में आने से तंत्रिका तंत्र की समस्याओं जैसे कंपकंपी, याददाश्त की समस्या, चिड़चिड़ापन और मुंह, हाथों या पैरों के आसपास सुन्नता या झुनझुनी हो सकती है।
- इससे त्वचा संबंधी समस्याओं जैसे चकत्ते, रंग में बदलाव और जलन जैसी दिक्कतें भी हो सकती है।
अब तक क्या कार्रवाई हुई?
गौरतलब है कि मर्करी एक ऐसी धातु है जो शरीर में पहुंचकर स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। चूंकि क्रीम में इसकी मात्रा अधिक थी, इसलिए इसके गंभीर साइड-इफेक्ट्स सामने आए हैं। फिलहाल कंपनी के निर्माता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और केरल पुलिस एक्ट की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने रविवार को नकली कॉस्मेटिक उत्पादों और प्रोटीन पाउडर के खिलाफ पूरे राज्य में कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे बिना मंजूरी वाले ब्यूटी और स्वास्थ्य से जुड़े उत्पाद पाकिस्तान और मंगलुरु-कासरगोड क्षेत्र से आ रहे हैं।
पहले भी आ चुके हैं इसी तरह के मामले
इस मामले के अलावा, गायक सलीम कोडाथूर ने भी दावा किया है कि स्किन को गोरा करने वाली क्रीम के इस्तेमाल के बाद उन्हें किडनी की बीमारी हुई थी। उनका कहना है कि करीब 10 साल पहले उन्हें मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नाम की बीमारी हुई थी और कई महीनों तक इलाज कराना पड़ा था।
मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी ऐसी बीमारी है, जिसमें किडनी के अंदर खून को छानने वाले छोटे फिल्टर प्रभावित हो जाते हैं। इससे पेशाब के रास्ते शरीर से प्रोटीन लीक होने लगता है और किडनी की काम करने की क्षमता पर असर पड़ सकता है।
फिलहाल स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सभी लोगों को अलर्ट किया है कि किसी भी तरह के उत्पाद के इस्तेमाल से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें और उत्पाद खरीदते समय उसके लेबल की जांच करें जिससे पता चल सके कि उसमें क्या चीजें मिलाई गई हैं।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।





