शाहजहांपुर: युवक ने कार में तड़प रहे थे घायलों से 500 रुपये लेकर बताया अस्पताल का रास्ता, 3 की गई थी जान

 

शाहजहांपुर में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर रोजा थाना क्षेत्र के जमुका गांव के पास सोमवार सुबह हुए हादसे के बाद लोग मदद के लिए आगे नहीं बढ़े। पीछे दूसरे वाहन से आ रहे परिजनों ने बताया कि उन्होंने खुद सरिया से कार की खिड़की तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। अपनी गाड़ी से अस्पताल के लिए चले तो एक युवक ने रास्ता बताने के नाम पर 500 रुपये ले लिए।

Shahjahanpur road accident young man took 500 rupees and told them the way to the hospital

सुबह करीब छह बजे ट्रक में कार टकराने से गोरखपुर के बेलीपार थाने के मलांव निवासी कारोबारी शिवम पांडेय, उनके दो वर्षीय बेटे माधवन और खोराबार थाना क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी बहन श्वेता द्विवेदी की मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों के अनुसार, राहगीरों ने उनकी कोई मदद नहीं की। पोस्टमॉर्टम हाउस पर मिले शिवम के रिश्तेदार अमृतेश ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समझ नहीं आ रहा था।

अमृतेश ने बताया कि कोई उनकी मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था। सरिया से खिड़की को तोड़कर घायल परिवार के लोगों को बाहर निकाला। अपनी ही गाड़ी से अस्पताल के लिए लेकर चल दिया। लोगों से रास्ता पूछा तो हर कोई कह देता कि सीधे चले जाओ। बहुत तकलीफ हुई जब एक युवक को रास्ता बताने के लिए 500 रुपये देने पड़े।

 

हादसे की वजह नहीं बता सका चालक अंगद, बस फूट-फूटकर रोता रहा 
राजकीय मेडिकल कॉलेज में शिवम पांडेय के चालक अंगद का रो-रोकर हाल बेहाल था। वह कभी मोर्चरी पर जाता तो कभी जमीन पर बैठकर रोने लगता। गोरखपुर से आए लोगों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन उसकी आंख के आंसू नहीं थम रहे। उसके मुंह से एक ही बात निकल रही थी कि शिवम राजा जैसे थे। उनके साथ परिवार की तरह रहता था। यह सब कैसे हो गया, कुछ पता ही नहीं चला। कार की स्पीड भी ज्यादा नहीं थी। स्पीड करीब 60-70 रही होगी।

और पढ़े  आजम खां की रिहाई की उलटी गिनती शुरू?: जेल से बाहर आने की राह में एक और कदम, इन 5 मामलों में...

 

गोरखपुर के बड़े कारोबारी थे शिवम पांडेय
शिवम पांडेय गोरखपुर के बड़े बिजनेसमैन थे। उनकी फैक्टरी है। कई अन्य काम चलते हैं। गोरखपुर से शाहजहांपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजन शवों को देख बिलख पड़े। पैर लड़खड़ाए तो साथ में आए लोगों ने संभाला। पोस्टमाॅर्टम के बाद पुलिस ने तीनों शवों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अमृतेश ने बताया कि वे लोग रविवार रात करीब नौ बजे घर से निकले थे। हर दो-तीन घंटे बाद गाड़ी रुकवाकर चाय पीते हुए सफर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना से करीब दस मिनट पहले ही उचौलिया में गाड़ी रुकवाकर सभी ने चाय पी थी। उनकी गाड़ी शिवम की गाड़ी से करीब 500 मीटर पीछे चल रही थी।

 

चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका
रोजा थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। ट्रक रोड के किनारे खड़ा था। माना जा रहा है कि चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है, लेकिन अभी चालक कुछ बोल नहीं रहा है। वह एक ही बात कह रहा, पता नहीं यह सब कैसे हो गया। अधिक बात करने पर रो पड़ता है। हादसा इतना भीषण था कि होंडा सिटी कार ट्रक से टकराने के बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं शालिनी की हालत गंभीर है, वह कोमा में हैं।

 

श्वेता के पति हैं डिप्टी सीएमओ 
परिवार के लोगों ने बताया कि श्वेता द्विवेदी के पति डॉ. नीरज द्विवेदी डिप्टी सीएमओ हैं। उनका बेटा शिवांश हादसे में घायल हुआ है। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। डॉ. नीरज लखनऊ पहुंचे हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में शिवम पांडेय की पत्नी शालिनी का आईसीयू में उपचार चल रहा है। हालत में सुधार होने पर उन्हें भी यहां से रेफर कर दिया जाएगा।

और पढ़े  यूपी पीईटी: आज 60 जिलों के 1300 परीक्षा केंद्रों में होगी परीक्षा, 12 लाख अभ्यर्थी हो सकते हैं शामिल

 

पूर्व सीएम हैं शिवम के रिश्तेदार
परिजनों ने शिवम पांडेय के पिता को यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी का फुफेरा भाई बताया। शिवम पांडेय के जीजा देवरिया में कांग्रेस के पूर्व विधायक रह चुके हैं। उन्होंने हादसे के बाद शाहजहांपुर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी।

 

नैनीताल से हरिद्वार भी जाने का प्लान था 
शिवम की बहन श्वेता के बच्चों की गर्मी की छुट्टियां थीं। इसी दौरान सभी का नैनीताल जाने का प्लान बना। नैनीताल के बाद हरिद्वार जाने का भी प्लान था। इसीलिए दो गाड़ियों से परिवार के लोग रवाना हुए, लेकिन काल ने खुशियां छीन लीं।
Shahjahanpur road accident young man took 500 rupees and told them the way to the hospital
ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज 
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों को तलाश रही है। ताकि  बयान दर्ज कराकर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाए।

 

 

  • Related Posts

    दीपावली पर सीएम योगी का बड़ा तोहफा, आज 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर होंगे 1,500 करोड़

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रदेश की महिलाओं और उनके परिवारों को दीपावली का बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में…

    हर्ष फायरिंग में दूल्हे के मासूम भतीजे के पेट में धंसी गोली, मौत

    कादीपुर (सुल्तानपुर)   फुटेहरी बनकेगांव में रविवार देर शाम बरात रवाना होने से पहले हुई हर्ष फायरिंग में दूल्हे के पांच वर्षीय चचेरे भतीजे अर्श पटेल की मौत हो गई।…