हरिद्वार- अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में घोटाला, परतें खुलीं, 19 शिक्षण संस्थानों के खिलाफ केस दर्ज

केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। विभागीय जांच में गड़बड़ी के संकेत मिलने के बाद जिले के 19 स्कूल, कॉलेज और निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ सिडकुल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मामला करोड़ों रुपये की छात्रवृत्ति से जुड़ा होने की आशंका है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी गठित किए जाने की बात कही है।पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021-22 और 2022-23 में अल्पसंख्यक छात्रों के लिए संचालित केंद्र पोषित छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर कुछ शिक्षण संस्थान संदिग्ध पाए गए थे। इसके बाद भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के निर्देश पर उत्तराखंड शासन ने जांच के आदेश दिए।

वित्तीय अनियमितता और शासकीय धन के गबन की आशंका 
तत्कालीन जिलाधिकारी हरिद्वार ने उप जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में जांच समितियों का गठन किया। भगवानपुर, लक्सर, हरिद्वार और रुड़की के उप जिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के संस्थानों की जांच कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी। जांच रिपोर्ट में कई संस्थानों में वित्तीय अनियमितता और शासकीय धन के गबन की आशंका जताई गई।

इसके आधार पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इप्सिता रावत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजकर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का अनुरोध किया। शिकायत के आधार पर सिडकुल पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रवृत्ति वितरण से जुड़े अभिलेख, बैंक खातों, लाभार्थियों और संस्थानों के रिकॉर्ड की जांच करेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इन 19 संस्थानों पर दर्ज हुई प्राथमिकी

और पढ़े  देहरादून: राज्य आंदोलनकारी शहीदों को CM धामी ने दी श्रद्धांजलि, कहा-संघर्ष और बलिदान से बना है उत्तराखंड

गौड ब्लैस पब्लिक स्कूल (सहदेवपुर), एमजी पब्लिक स्कूल (अहमदपुर ग्रांट), एएसएन इंटर कॉलेज (धीरवाली, ज्वालापुर), सैनी प्राइवेट आईटीआई (बहादराबाद), जय भारती प्राइवेट आईटीआई (पर्दाथा उर्फ धनपुरा), एसबीएन प्राइवेट आईटीआई (टिक्कमपुर), आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर (मुस्तफाबाद), विश्व भारती पब्लिक स्कूल (गाडोवाली), मदरसा नूर-ए-हसन (हरिद्वार), जय भारत पीएस (बिंदुखड़क), हन्नू आईटीआई (भगवानपुर), रेडियंस एकेडमी (नेहंदपुर सुठारी, लक्सर), रामतीर्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (रहमतपुर, रुड़की), रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (पुहाना), महर्षि दयानंद प्राइवेट आईटीआई (धनौरी), संस्कृति पब्लिक स्कूल (भौरी, रुड़की), फोनिक्स स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड बिजनेस (कांजेल इमलीखेड़ा), एसडीपीसी गर्ल्स इंटर कॉलेज (रुड़की) और ओम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन (बढ़ेड़ी राजपूताना, रुड़की)।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की शिकायत के आधार पर 19 शिक्षण संस्थानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता के तथ्य सामने आए हैं। मामला बड़ी धनराशि से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इसकी निष्पक्ष और गहन जांच के लिए सीओ सदर एस.पी. बलूनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    उत्तराखंड / चंपावत: युवाओं को सौगात, डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ा, कुक्कुट पालकों को दो करोड़ की सब्सिडी, जानें..

    राज्य गठन के करीब 26 साल बाद पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में मंत्रिमंडल की बैठक हुई। कैबिनेट बैठक में 24 प्रस्ताव पर चर्चा हुई। चुनावी वर्ष में सरकार ने…

    उत्तराखंड: राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड से BJP के प्रत्याशी का नाम घोषित, दिनेश आर्य को टिकट

    भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने आज राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड से दिनेश आर्य को…