ईरान पर अमेरिका और इस्राइल के हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर अब राजधानी लखनऊ के बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। सोना-चांदी की कीमतों में तेजी के साथ सूखे मेवों अंजीर, पिस्ता और केसर के दाम भी बढ़ गए हैं। वहीं राजधानी से खाड़ी देशों को होने वाला निर्यात प्रभावित हुआ है।
पिस्ता, केसर और अंजीर हुए महंगे
ईरान से आयात होने वाले सूखे मेवों पर हमले का सीधा असर पड़ा है। थोक कारोबारी कमल अग्रवाल के मुताबिक समुद्री और हवाई मार्ग प्रभावित होने से आयात बाधित हो गया है, जिससे थोक बाजार में एक दिन में ही करीब 50 रुपये तक की तेजी दर्ज की गई। हरा पिस्ता 1,800 रुपये से बढ़कर 1,850 रुपये प्रति किलो और पेशावरी पिस्ता 3,000 रुपये से बढ़कर 3,100 रुपये प्रति किलो हो गया है।
चिकन के कपड़ों का निर्यात प्रभावित
निर्यातक नितेश अग्रवाल ने बताया कि लखनऊ से सबसे अधिक निर्यात अमेरिका और यूरोप को होता है, जबकि खाड़ी देश तीसरे स्थान पर हैं। दुबई, ओमान और बहरीन के लिए भेजी जाने वाली शिपमेंट समुद्री और हवाई मार्ग बाधित होने से रुक गई है। जो माल भेजा जा चुका था, वह भी रास्ते में अटका हुआ है।
खजूर के दाम बढ़ने की आशंका
नवीन मंडी के खजूर व्यापारी मोहम्मद दानिश के अनुसार देश में ईरानी खजूर की मांग सबसे अधिक रहती है। फिलहाल बाजार में स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन नए ऑर्डर सीमित मात्रा में दिए जा रहे हैं। रमजान के दौरान मांग बढ़ने पर यदि आपूर्ति प्रभावित रही तो कीमतें 150-200 रुपये प्रति किलो से बढ़कर दो से ढाई गुना तक पहुंच सकती हैं। बड़े कारोबारी संदीप गुप्ता ने भी बाजार में संभावित तेजी की आशंका जताई है।







