राजधानी दिल्ली के कालकाजी थाना इलाके में सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। सोमवार रात कालकाजी मंदिर के पास एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ यह घटना हुई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है, जबकि अन्य आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। मुठभेड़ में घायल आरोपी का नाम आसिफ है।
किशोरी अपने नाबालिग मित्र के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए गई थी। दर्शन के बाद वे दोनों मंदिर के पीछे जंगल वाले इलाके में चले गए। शाम करीब 7.30 बजे तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे। उन्होंने पहले दोनों को धमकाया और फिर किशोर को पकड़ लिया। इसके बाद तीनों ने किशोरी से बारी-बारी दुष्कर्म किया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सुरक्षित रूप से मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। पीड़िता के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।







