काशीपुर के धनौरी क्षेत्र में रामनगर रोड किनारे बृहस्पतिवार सुबह युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि कहीं और हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस एक महिला और दो युवकों से पूछताछ कर रही है। साथ ही शव को घटनास्थल तक लाने में इस्तेमाल वाहन की तलाश और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
कांति के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। पुलिस हत्या समेत अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि कांति का एक युवक से प्रेम संबंध था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस इस युवक समेत दो युवकों और एक महिला से पूछताछ कर रही है। सीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमें आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों के बयानों का सत्यापन कर रही हैं। एएसपी स्वप्न किशोर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को हल्द्वानी में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।
वारदात से पहले कथित प्रेमी से हुई थी मारपीट
विशालनगर कॉलोनी में कांति के किराये के मकान के सामने उसके कथित प्रेमी की बहन रहती है। युवक अपनी बहन से मिलने अक्सर वहां आता था। बुधवार रात करीब 11 बजे कांति और युवक के बीच मारपीट हुई थी। कांति ने इसकी सूचना डायल 112 पर आईटीआई थाना पुलिस को दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन वहां कोई नहीं मिला। बताया गया है कि युवक जसपुरखुर्द मालवा फार्म क्षेत्र का रहने वाला है और कुछ समय पहले ही जानलेवा हमले के मुकदमे में जेल से छूटा था। कांति से उसका पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
70 हजार रुपये हड़पने का भी आरोप
कांति के परिवार के अनुसार, उसके कथित प्रेमी पर 70 हजार रुपये हड़पने का आरोप भी है। पुलिस दोनों के बीच विवाद और इस रकम से जुड़े मामले की भी जानकारी जुटा रही है। हालांकि, युवती की मौत के पीछे यही कारण था या कोई अन्य वजह, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
देर रात घर से निकली थी कांति, फिर नहीं लौटी
कॉलोनी में रहने वाली एक पूर्व एसपीओ के अनुसार, मारपीट के बाद रात करीब 12 बजे कांति पैदल कुंडेश्वरी रोड की ओर जा रही थी। उसकी मां बिन्दुली भी उसके पीछे गई थीं। कुछ देर बाद बिन्दुली वापस लौट आईं, लेकिन कांति घर नहीं पहुंची। सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली। पूर्व एसपीओ ने बताया कि कांति और उसके कथित प्रेमी के बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी।
शव ले जाने वाले वाहन की तलाश
पुलिस को आशंका है कि युवती का शव किसी वाहन से घटनास्थल तक लाया गया होगा। पुलिस टीम वाहन के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए एक संदिग्ध की बहन के आवास पर भी पहुंची। वहां उसके दो छोटे बच्चे मिले। बच्चों ने बताया कि उनकी मां जसपुरखुर्द स्थित एक कॉलोनी में काम करने गई हैं, जबकि पिता फैक्टरी में ड्यूटी पर हैं। पुलिस ने मालवा फार्म और कुंडेश्वरी क्षेत्र में भी वाहन की तलाश की। मृतका के पिता बच्ची झा से भी जानकारी ली गई।
मां-बेटी मेहनत-मजदूरी कर चलाती थीं परिवार
कांति के पिता बच्ची झा करीब 25 साल पहले दरभंगा से काशीपुर आए थे। शुरुआत में उन्होंने पुरानी सब्जी मंडी में चौकीदारी की और परिवार किराये के मकानों में रहा। बाद में ग्राम निझड़ा में मकान बनाया, लेकिन पिता के लकवाग्रस्त होने के बाद आर्थिक परेशानी के चलते मकान बेचना पड़ा। इसके बाद कांति और उसकी मां बिन्दुली देवी मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाती थीं। बिन्दुली देवी घरों में झाड़ू-पोंछा करने के अलावा पूर्व विधायक प्रत्याशी गगन कांबोज के यहां भी काम करती थीं। कांति की बड़ी बहन शांति देहरादून की एक कंपनी में नौकरी करती है। वार्ड पार्षद अनिल कुमार ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए पोस्टमार्टम के बाद आपसी सहयोग से कांति के शव का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।








