शिक्षक और स्नातक की चार-चार सीटों पर 27 अक्टूबर को देर से शुरू हुई मतगणना अब भी जारी है। अब तक चार सीटों के परिणाम आए हैं। परिणाम देश की राष्ट्रीय पार्टियों के लिए सुखद नहीं। भाजपा-कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।
बिहार एमएलसी चुनाव 2026: तिरहुत स्नातक में निर्दलीय वंशीधर बृजवासी आगे चल रहे
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के सातवें राउंड के बाद निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर बृजवासी 1477 मतों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 16,190 वोट मिले हैं। वहीं, एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा 14,713 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। राजद प्रत्याशी रश्मि विनायक गौतम 10,802 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि जन सुराज के डॉ. विमोहन कुमार को 166 वोट मिले हैं। सातवें राउंड की गिनती के बाद बृजवासी और अभिषेक झा के बीच मुकाबला जारी है।
पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार बोले- पहली वरीयता में 2200 से अधिक वोटों की बढ़त
बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के बीच जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने पहली वरीयता के मतों में 2200 से अधिक वोटों की बढ़त का दावा किया। उन्होंने कहा कि पटना स्नातक सीट को हॉट सीट माना जा रहा था। निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत दूसरी वरीयता के मतों की भी गिनती होगी और उन्हें भरोसा है कि इसमें भी वह आगे रहेंगे। नीरज कुमार ने कहा कि यह उनका चौथा चुनाव था, इसलिए कई चुनौतियां सामने आईं। हालांकि, पार्टी कार्यकर्ताओं के प्यार, समर्पण और मेहनत की बदौलत उन्होंने इन चुनौतियों का सामना किया।
बिहार एमएलसी चुनाव 2026: दरभंगा शिक्षक निर्वाचन से जनसुराज के प्रत्याशी को मिला जीत का प्रमाणपत्र
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन से जनसुराज के उम्मीदवार डॉ. सुरेश प्रसाद राय को जिला प्रशासन ने देर रात जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। जीत के बाद उन्होंने कहा कि वह सरकारी नौकरी से इस्तीफा देकर पिछले नौ वर्षों से शिक्षकों की सेवा के लिए समर्पित हैं और लगातार तीसरी बार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव लड़ रहे थे। इससे पहले दो बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उन्हें कम मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार जन सुराज के टिकट पर उन्होंने 324 मतों से जीत हासिल की। उन्होंने दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय के शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह जीत शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और उनके परिवारों की जीत है। वह अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने और शिक्षकों के हित में काम करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का भी आभार जताया।







