प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वैशाली से बिहार को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दे रहे हैं। गंगा पर बने नीतीश सेतु का लोकार्पण भी कर दिया। इसके अलावा सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं। पीएम मोदी ने गमछा हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
देश में पहली बार बिहार ने जल संसाधन विभाग की ओर से गाद प्रबंधन नीति बनाई है
उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने क्या कहा?
उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आज बिहार की धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का विशेष अभिनंदन और स्वागत करना चाहता हूं। विशेष इसलिए कह रहा हूं कि आपने जिस पुल का आज उद्घाटन किया और जिस पुल से होकर यहां पहुंचे, उसका नाम हमारी बिहार सरकार ने ‘नीतीश सेतु’ रखा है। आपके इस निर्णय ने हम बिहारवासियों के दिल को छुआ है। नीतीश कुमार आज भी हम बिहारवासियों के दिलों में बसते हैं। उन्होंने बिहार के विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं का जो जाल बिछाया है, आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार उन्हीं बुनियादों पर विकास की एक मजबूत इमारत खड़ी कर रही है।
चिराग पासवान ने कहा- नीतीश सेतु ने दशकों की मांग पूरी कर दी
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा कि नीतीश सेतु ने दशकों की मांगों को पूरी कर दी। चिराग ने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा कर युवा पीढ़ी को मुख्यधारा से जोड़ने का मार्गदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है। अब उनका अगला संकल्प भारत को नशामुक्त बनाने का है। मैं प्रधानमंत्री जी को हर बिहारी की ओर से विश्वास दिलाता हूं कि उनके इस संकल्प के साथ भी हम सभी मजबूती से खड़े हैं। आपका बिहार आना, बिहारवासियों को सम्मान देना और हर क्षेत्र व हर वर्ग का ध्यान रखना, इसके लिए एक बार फिर आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।
पीएम मोदी का सीएम सम्राट चौधरी ने किया स्वागत

पीएम मोदी मंच पर पहुंचे। उन्होंने हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया। इसके बाद सीएम सम्राट चौधरी ने अंग वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। साथ ही मखाने की माला, अपराजिता की माला और हाजीपुर का केला उन्हें भेंट किया गया।







