उत्तराखंड भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में बुधवार को भाजपा पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आई। यहां रामपुर रोड स्थित एक होटल में प्रदेश भर से जुटे सैकड़ों पदाधिकारियों के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए तैयार रहने और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूती दिलाने का मंत्र दिया।
उत्तराखंड में भाजपा लगाएगी जीत की हैट्रिक: बलूनी
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और सांसद अनिल बलूनी का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार शानदार कार्य कर रही है। सरकार के सभी कार्य राज्य के संवर्धन और विकास के लिए हैं। उन्होंने कहा कि वह विश्वास के साथ कह सकते हैं कि जिस राज्य को अटल जी ने बनाया हमारी सरकारें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उन्हें विकसित राज्य बना रही हैं।
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकारें बनने के बाद से ही राज्य विकास के नए आयाम छू रहा है। कांग्रेस के शासन में दिल्ली और देहरादून तक पहुंचने में 7 से 8 घंटे लगते थे अब केवल दो से तीन घंटे लगते हैं, इसकी कोई पहले कल्पना भी नहीं कर सकता था। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के उसे बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा का स्वर्णिम काल अभी आना बाकी है। बलूनी ने कहा कि ठीक उसी तरह उत्तराखंड में भी भाजपा का स्वर्णिम काल तब आएगा जब हम तीसरी बार रिकॉर्ड बहुमत से चुनाव जीतकर सरकार बनाएंगे।







