सरकार जब भी किसी योजना को शुरू करती है तो सबसे पहले ये देखा जाता है कि उस योजना को क्यों शुरू किया जा रहा है और इस योजना के तहत क्या-क्या लाभ लाभार्थियों को देने हैं। इसके बाद उस योजना का लाभ किन लोगो को मिलना चाहिए और किन लोगों को नहीं यानी पात्रता सूची तय होती है। इसके बाद ही कोई योजना जमीनी स्तर पर काम कर पाती है। इसी क्रम में एक योजना है आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जिसके अंतर्गत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाते हैं।
ये आयुष्मान कार्ड एक ऐसा कार्ड है जिससे कार्डधारक अपना सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करवा सकता है, लेकिन क्या आप जानते हैं इस आयुष्मान कार्ड से 5 ही नहीं बल्कि, 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज भी करवाया जा सकता है? शायद नहीं, तो चलिए जानते हैं वे कौन लोग हैं जिन्हें 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ आयुष्मान कार्ड से मिल सकता है।
क्या है आयुष्मान कार्ड और इसकी लिमिट?
- दरअसल, भारत सरकार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना नाम से एक योजना चलाती है जिसका उद्धेश्य पात्र लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया करवाना है। इसके लिए जो लोग पात्र होते हैं उनके पहले आयुष्मान कार्ड बनाए जाते हैं। फिर इस आयुष्मान कार्ड से कार्डधारक सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करवा सकता है।
- कार्डधारक के इलाज का खर्च सरकार उठाती है और कार्डधारक सूचीबद्ध अस्पतालों में अपना मुफ्त इलाज करवा सकता है। ये मुफ्त इलाज उन प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में मिलता है जो इस योजना में पंजीकृत हैं। साथ ही कई तरह की बीमारियां इस योजना में कवर की जाती हैं जिनका मुफ्त इलाज आयुष्मान कार्ड के जरिए किया जाता है।
किन लोगों को मिलता है 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज?
- वैसे तो आयुष्मान कार्ड में कार्डधारक को 5 लाख रुपये सालाना की सालाना लिमिट मिलती है यानी इस लिमिट तक वो अपना मुफ्त इलाज करवा सकता है। पर दिल्ली में रहने वाले लोगों को 5 नहीं बल्कि, 10 लाख रुपये के मुफ्त इलाज का लाभ मिलता है।
- ऐसा इसलिए क्योंकि भाजपा ने चुनाव के दौरान ये एलान किया था कि अगर वे दिल्ली की सत्ता पर काबिज होते हैं तो वे न सिर्फ आयुष्मान योजना को दिल्ली में लागू करेंगे बल्कि, प्रत्येक कार्डधारक को 5 नहीं 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ उपलब्ध कराएंगे। इसलिए जो लोग दिल्ली के निवासी हैं उन्हें आयुष्मान कार्ड से 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ मिल रहा है।








