भारत की महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत अब सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि ब्रांड वैल्यू के मैदान में भी बड़ा असर दिखा रही है। जेमिमा रॉड्रिग्स, शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना जैसी स्टार खिलाड़ियों की मार्केट वैल्यू अब करोड़ों में पहुंच गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन खिलाड़ियों की ब्रांड वैल्यू में 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यानी अब ये खिलाड़ी सालाना एक करोड़ रुपये से ज्यादा के विज्ञापन करार हासिल कर सकती हैं।
मैदान से मार्केट तक छाईं भारतीय खिलाड़ी
जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स और बेसलाइन वेंचर्स जैसी मैनेजमेंट एजेंसियों ने बताया कि विश्व कप जीत के बाद महिला क्रिकेटरों के लिए विज्ञापन जगत के दरवाजे पूरी तरह खुल गए हैं। जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के चीफ कमर्शियल ऑफिसर करण यादव ने बताया, ‘जेमिमा की ब्रांड वैल्यू अब 60 लाख से बढ़कर 1.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, शेफाली 40 लाख से सीधे एक करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी हैं।’ बेसलाइन वेंचर्स के एमडी तूहीन मिश्रा ने कहा, ‘हम 25 से 55 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देख रहे हैं। जिन खिलाड़ियों ने विश्व कप में यादगार प्रदर्शन किया, उनके लिए यह वृद्धि और भी ज्यादा है।’







