बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री मौसमी चैटर्जी के पति जयंत मुखर्जी का निधन हो गया। वह फिल्म निर्माता थे। जयंत ने 12 नवंबर 2026 को अपने खार स्थित घर पर अंतिम सांस ली।
कौन थे जयंत मुखर्जी?
यूं तो जयंत, प्रसिद्ध गायक और संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे पर बॉलीवुड में उन्होंने फिल्म निर्माता के तौर पर अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने ‘मजाक’ (1975), ‘दो लड़के दोनों कड़के’ (1979) और टेलीविजन श्रृंखला ‘तलाश’ (1992) का निर्माण किया था।
इतना ही नहीं उन्होंने अपने पिता की तरह फिल्म ‘बीवी और मकान’ का संगीत निर्माण भी किया था। इस फिल्म को मशहूर फिल्ममेकर ऋषिकेश मुखर्जी ने बनाया था।
कम उम्र से सगाई, 50 साल का रिश्ता
अभिनेत्री मौसमी और जयंत की शादी को 5 दशक से भी ज्यादा का समय हो चुका है। कपल की शादी बेहद कम उम्र में हो गई थी। एक इंटरव्यू के दौरान इस पर मौसमी ने कहा था, ‘हर चीज किसी न किसी वजह से होती है। मैं 10वीं कक्षा में थी, लेकिन फिल्म बालिका बधू के बाद मेरी सगाई हो गई, सिर्फ इसलिए क्योंकि मेरे ससुर हेमंत मुखर्जी उस फिल्म के संगीत निर्देशक थे। उनकी और मेरी फैमिली एक हो गए और उस समय, हर कोई मुझे अपनी बहू बनाना चाहता था, हर कोई मुझे अपनी पत्नी बनाना चाहता था।’
सात साल पहले हुआ बेटी का निधन
मौसमी चेटर्जी के लिए यह पहला दुख नहीं है। इस दुखद घटना से करीब सात साल पहले कपल ने अपनी बेटी को खो दिया था। उनकी बेटी पायल टाइप 1 डायबटीज की मरीज थीं। उनका निधन 13 नवंबर 2019 को हुआ था। इससे पहले वह एक साल से कोमा में थीं।





