जम्मू-कश्मीर: दो एसपीओ की हत्या के बाद 3 आतंकियों के पोस्टर जारी, 30 लाख का इनाम, हिजबुल कमांडर पर शक

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। किश्तवाड़ पुलिस ने शुक्रवार को तीन आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं।

इनमें मोहम्मद अमीन उर्फ जहांगीर सरूरी, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन शामिल हैं। पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले को कुल 30 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आतंकियों पर एसपीओ की हत्या में शामिल होने का आरोप है। आम लोगों से उनकी गतिविधियों और ठिकानों के बारे में जानकारी देने की अपील की गई है। सूचना देने के लिए 9797900958 और 1995357494 नंबर जारी किए गए हैं। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।
ड्यूटी पर जाते समय लापता हुए थे दोनों एसपीओ, जंगल में मिले शव
किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में बुधवार रात ड्यूटी पर जाते समय दो एसपीओ लापता हो गए थे। बृहस्पतिवार सुबह दोनों के शव जंगल में मिले। मृतकों की पहचान कियार गांव निवासी भवी चंद (57) और रशपाल कुमार (47) के रूप में हुई है। दोनों पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) में तैनात थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों बुधवार रात कियार गांव स्थित पुलिस कैंप से धरना-मरवाह की ओर सेना की पोस्ट पर पेट्रोलिंग ड्यूटी के लिए निकले थे। रास्ते में उनसे संपर्क टूट गया और मोबाइल फोन बंद हो गए। इसके बाद सेना, पुलिस और एसओजी ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।

और पढ़े  कुलगाम आतंकी हमला: सीआरपीएफ नाके पर हमले का नया वीडियो आया सामने, वारदात के बाद भागते दिखे दहशतगर्द

बृहस्पतिवार सुबह जंगल में दोनों के शव बरामद हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों को सिर और पेट में गोली मारी गई थी। घटनास्थल से पाकिस्तान निर्मित कारतूस के खोखे भी मिले हैं। आशंका है कि आतंकियों ने दोनों की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद घात लगाकर हमला किया। हमलावर उनके सरकारी इंसास और .303 राइफल भी अपने साथ ले गए।

हिजबुल कमांडर जहांगीर सरूरी पर शक
इस वारदात में दच्छन इलाके में लंबे समय से सक्रिय हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर जहांगीर सरूरी उर्फ मोहम्मद अमीन सरूरी पर शक जताया जा रहा है। वह ए++ श्रेणी का आतंकी है और करीब 35 वर्षों से सक्रिय बताया जाता है। उसके साथ रियाज अहमद और मुदस्सिर हुसैन के भी सक्रिय होने की सूचना है।

एसओजी लंबे समय से सरूरी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुलिस ने अब तीनों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पोस्टर जारी कर इनाम घोषित किया है।

घने जंगलों में घेराबंदी, ड्रोन और खोजी कुत्तों से तलाश
आतंकियों की तलाश में दच्छन के दुर्गम और घने जंगलों में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। कियार से धरना-मरवाह तक के रास्ते की घेराबंदी कर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।

सुरक्षा बल तलाशी अभियान में हेलिकॉप्टर, ड्रोन कैमरों और खोजी कुत्तों की मदद ले रहे हैं। हमलावरों की संभावित आवाजाही और छिपने के ठिकानों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि कुलगाम में सीआरपीएफ के नाके पर हुए हमले के 24 घंटे के भीतर किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या की वारदात सामने आई थी। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद जम्मू संभाग के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और तलाशी अभियान तेज कर दिए गए हैं।
  • Related Posts

    कुलगाम आतंकी हमला: सीआरपीएफ नाके पर हमले का नया वीडियो आया सामने, वारदात के बाद भागते दिखे दहशतगर्द

    जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नाके पर हुए आतंकी हमले से जुड़ा एक नया वीडियो सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में हमले के बाद संदिग्ध…

    डोडा के जंगलों में लगी भीषण आग: 10-12 कनाल वन भूमि पर फैली, बुझाने में जुटे वन विभाग के कर्मचारी

    डोडा वन प्रभाग के ड्रबशल्ला इलाके में जंगल में आग लग गई है। यह आग कंपार्टमेंट नंबर 38/Kमें लगभग 10-12 कनाल वन भूमि पर फैल गई है। वन विभाग के…