उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी देने के मामले का संज्ञान लेते हुए यूपीसीएल प्रबंधन ने मीटर रीडर राजेंद्र रावत को नौकरी से निकाल दिया है। उसे उपनल को लौटा दिया गया है। यूपीसीएल एमडी पीसी ध्यानी ने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं होगा।
यूपीसीएल के एमडी पीसी ध्यानी ने स्पष्ट किया कि विभाग में उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, अभद्रता, अनावश्यक दबाव या अनुचित आचरण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विभाग ने समस्त उपभोक्ताओं से अपील की है कि विद्युत विभाग के किसी भी कर्मचारी की ओर से अनुचित व्यवहार, अभद्रता या अवैध धनराशि की मांग करने पर तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता या उच्चाधिकारियों को सूचित करें, जिससे समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।








