केरल हाईकोर्ट ने दुष्कर्म की शिकार एक नाबालिग लड़की को 27 सप्ताह से अधिक का गर्भ समाप्त कराने की अनुमति दे दी है। खास बात यह है कि मेडिकल बोर्ड ने गर्भपात की प्रक्रिया को बेहद जोखिम भरा बताते हुए लड़की की जान तक जाने की आशंका जताई थी। इसके बावजूद अदालत ने पीड़िता की इच्छा और उसके भविष्य को प्राथमिकता दी।
अदालत के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि इस अवस्था में गर्भपात कराने से अत्यधिक रक्तस्राव, गर्भाशय फटने, संक्रमण और प्लेसेंटा के कुछ हिस्से गर्भाशय में रह जाने जैसी गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं। इसके अलावा बेहोशी की दवा के दौरान दिल का दौरा पड़ने और भविष्य में मां बनने की क्षमता प्रभावित होने का खतरा भी बताया गया था।
इन जोखिमों के बावजूद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को तत्काल चिकित्सा व्यवस्था करने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि लड़की से प्रक्रिया के संभावित खतरों की जानकारी देते हुए लिखित सहमति लेने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाए।
जीवित जन्म होने पर सरकार उठाएगी जिम्मेदारी
कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि यदि प्रक्रिया के दौरान बच्चा जीवित पैदा होता है, तो राज्य सरकार उसके इलाज और देखभाल की व्यवस्था करेगी। पीड़िता चाहे तो बच्चे को बाल देखभाल संस्था या विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी को सौंप सकती है।
इसके अलावा, यदि भ्रूण की मृत्यु होती है तो अस्पताल उसके ऊतक और खून के नमूने सुरक्षित रखेगा, ताकि डीएनए जांच सहित जरूरी परीक्षण किए जा सकें। मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज है। अदालत के इस फैसले में नाबालिग की इच्छा, स्वास्थ्य और भविष्य को अहमियत दी गई है।





