देहरादून: वीवीआईपी दौरे के लिए दून में सुरक्षा का कड़ा पहरा, कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध

छह नवंबर को प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर दून पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। वीवीआईपी के रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से तीन घंटे पहले अपने निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा। वहीं, वीवीआईपी रूट पर पड़ने वाली हाईराइज बिल्डिंगों में रहने वाले लोगों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराया जाएगा। पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और ऊंची इमारतों की बीडीएस और डॉग स्क्वॉड से जांच होगी।

बुधवार को पुलिस लाइन में महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल को ब्रीफ किया। अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग में स्पष्ट किया गया कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय से तीन घंटे पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर प्रभारी अधिकारी से आवश्यक जानकारी लेंगे। अपने ड्यूटी पॉइंट और आसपास के क्षेत्र की अच्छी तरह जांच करेंगे। सभी के पास पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड होना अनिवार्य होगा। नोडल अधिकारी सादे कपड़ों और वर्दी में तैनात पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके ड्यूटी कार्ड की जांच करेंगे।
मुख्य कार्यक्रम स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों और वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। इसके लिए विधिवत चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाएगी। वीवीआईपी से मिलने आने वाले लोगों पर भी सुरक्षा के लिहाज से नजर रखी जाएगी। पहले से नामित व्यक्तियों को एंटी सबोटाज जांच के बाद ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश और निकासी पॉइंट पर डीएफएमडी और एचएचएमडी की मदद से प्रत्येक व्यक्ति की जांच होगी।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भीड़ के एक साथ बाहर निकलने और वीवीआईपी की ओर बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिसकर्मी लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को संयमित तरीके से बाहर निकालेंगे, ताकि भगदड़ की स्थिति न बने। वीवीआईपी रूट और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और बिना अनुमति ड्यूटी पॉइंट नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

और पढ़े  उत्तरकाशी: केदारताल में लापता सात ट्रैकर्स और गाइड की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से दो बार की गई रेकी

वहीं, सभी थाना प्रभारियों को होटल, धर्मशाला, बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाकर बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं। ब्रीफिंग में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनंद भरणे और एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

  • Related Posts

    देहरादून – हरक का भट्ट पर पलटवार: बोले- नंदप्रयाग घाट में लोगों ने क्यों पीटा था?, मैंने मुंह खोला तो पूरे चिट्ठे खोलूंगा

    कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने फिर भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर पलटवार करते हुए सवाल किया कि बदरीनाथ विधानसभा सीट से…

    देहरादून- 39 वें राष्ट्रीय खेल: मेघालय में खेलों की उत्तराखंड में तैयारियां शुरू, अधिकारियों की संघों के साथ होगी बैठक

    मेघालय में अगले साल प्रस्तावित 39 वें राष्ट्रीय खेलों की उत्तराखंड में आज से तैयारियां शुरू हो जाएंगी। खेल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इसे लेकर आज महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स…