छह नवंबर को परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में अलंकरण परेड और धनतेरस पर्व को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। जनसभा के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन रहेगा। वहीं, पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से बन्नू स्कूल चौक तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। त्योहार के चलते बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। बसों, विक्रम और सिटी बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है।
बसों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग
हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर और सर्वे चौक होते हुए पानी की टंकी के पास यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्क होंगी। रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक और लैंसडौन चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इनकी पार्किंग भी बन्नू स्कूल में होगी। सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसों के लिए सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने ड्रॉप पॉइंट बनाया गया है। इनकी पार्किंग गुरुद्वारा ग्राउंड में होगी। विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारकर गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी।
बाजारों में खरीदारी के लिए यहां करें पार्किंग
धनतेरस पर अलग-अलग बाजारों में आने वाले लोगों के लिए भी पार्किंग तय की गई है। धर्मपुर बाजार जाने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में वाहन पार्क करेंगे। नेहरू कॉलोनी में जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर लिंक रोड पर पार्किंग होगी। रिस्पना क्षेत्र के लिए राजीव नगर, विधानसभा तिराहे के पास सड़क किनारे पार्किंग निर्धारित की गई है। प्रेमनगर बाजार आने वाले लोग दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार जाने वाले लोग मालदेवता रोड पर वाहन पार्क कर सकेंगे। पलटन बाजार, धामावाला, मछली बाजार और पीपलमंडी में यातायात का दबाव बढ़ने पर सभी वाहनों के लिए जीरो जोन लागू रहेगा। यहां केवल पैदल आवाजाही की अनुमति होगी। लोडिंग वाहनों को सुबह 10 से रात नौ बजे तक पलटन बाजार में प्रवेश नहीं मिलेगा। व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।
विक्रम और सिटी बसों के रूट भी बदले
राजपुर रोड से आने वाले एक नंबर विक्रम ओरिएंट चौक के बजाय ग्लोब चौक तक आएंगे। दो नंबर विक्रम सर्वे चौक से वापस लौटेंगे, जबकि तीन नंबर विक्रम दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए रिस्पना की ओर जाएंगे। पांच और आठ नंबर विक्रम तहसील चौक तक ही चलेंगे। राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया ड्रॉप पॉइंट ओरिएंट चौक और डोईवाला व सहस्रधारा जाने वाली बसों का रेंजर्स ग्राउंड रहेगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर विक्रमों के रूट में अतिरिक्त बदलाव भी किया जाएगा।
पुलिस लाइन के आसपास भी रहेगा जीरो जोन
पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। नेगी तिराहे से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं, बन्नू चौक से नेगी तिराहे जाने वाले वाहन गुरुनानक और सूरी चौक होते हुए गुजरेंगे। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करने और संभव हो तो दोपहिया या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से टोइंग की जाएगी और 1500 रुपये जुर्माना लगेगा। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं। एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसे आवश्यक सेवाओं के वाहनों को डायवर्जन से मुक्त रखा जाएगा।








