परिवहन विभाग द्वारा आज संभागीय परिवहन कार्यालय, अयोध्या में परिवहन मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अयोध्या श्री विष्णु राजा सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र), अयोध्या श्री राजकुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) श्री विश्वजीत प्रताप सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्री संजय झा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ आर.पी. सिंह तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्री गुलाबचंद उपस्थित रहे।
परिवहन मेले में ट्रक यूनियन, बस यूनियन एवं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ-साथ 150 से अधिक ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन स्वामियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
मेले का मुख्य उद्देश्य वाहन स्वामियों एवं ट्रांसपोर्टरों को परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनके वाहनों पर लंबित कर एवं अन्य बकाया देयताओं के निस्तारण में सहायता प्रदान करना था।
मेले के दौरान शासन के प्रावधानों के अंतर्गत वाहन स्वामियों को बकाया टैक्स पर देय पेनल्टी में छूट का लाभ प्रदान करते हुए उनके बकाया कर का भुगतान कराया गया। इसके परिणामस्वरूप कुल 18.78 लाख रुपये का बकाया राजस्व सायं 4:00 बजे तक जमा कराया गया। मेले में लगभग 158 व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया तथा विभिन्न परिवहन सेवाओं एवं बकाया कर निस्तारण की सुविधा से 85 वाहन स्वामी लाभान्वित हुए।
अधिकारियों द्वारा वाहन स्वामियों को वाहन पंजीकरण, परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, कर भुगतान, पेनल्टी में छूट तथा अन्य परिवहन संबंधी सेवाओं एवं प्रक्रियाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि परिवहन मेले के माध्यम से विभाग और वाहन स्वामियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, परिवहन सेवाओं को सरल एवं सुलभ बनाने तथा बकाया राजस्व की वसूली में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकार के आयोजनों से वाहन स्वामियों को एक ही स्थान पर विभिन्न समस्याओं के समाधान की सुविधा प्राप्त होती है।
परिवहन विभाग द्वारा भविष्य में नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में भी जनहित एवं वाहन स्वामियों की सुविधा के दृष्टिगत इस प्रकार का परिवहन मेला आयोजित किया जाएगा।







