पनामा में धरती कांपी: यूएसजीएस के मुताबिक भूकंप के झटकों की तीव्रता 7.6, फिलहाल जानमाल के नुकसान की खबर नहीं

पनामा में शुक्रवार सुबह 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इससे राजधानी में इमारतें हिलने लगीं। लोगों को इमारतों से बाहर निकाला गया। भूकंप के झटके पड़ोसी देश कोलंबिया तक महसूस किए गए।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र मध्य प्रांत हेरेरा के दूरदराज के इलाके पितालोसा अरिबा से करीब 10 किलोमीटर (6 मील) दक्षिण-पश्चिम में था। भूकंप 10 किलोमीटर (6 मील) की गहराई पर आया। यूएसजीएस ने शुरुआत में इसकी तीव्रता 8 बताई थी। बाद में इसे घटाकर 7.6 किया गया। फिर इसका अनुमान 7.7 कर दिया गया।
शुक्रवार को राजधानी पनामा सिटी में लोग काफी घबराए हुए थे। वे भूकंप से हुए नुकसान की जानकारी मिलने का इंतजार करते हुए इमारतों के बाहर जमा हो गए। इसके बाद भूकंप के बाद के झटके भी महसूस किए गए। यूएसजीएस ने 5.8 और 5.5 तीव्रता के दो झटके दर्ज किए।
भूकंप के केंद्र वाले हेरेरा प्रांत के रहने वाले 60 वर्षीय रोसेंदो डोमिंगेज ने फोन पर एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को बताया, हमने भूकंप के झटके बहुत तेज महसूस किए। रसोई में रखी चीजें गिर गईं। हम ठीक हैं। लेकिन बहुत डरे हुए हैं। सभी लोग डरे हुए बाहर खड़े हैं।

किन देशों के तटों पर सुनामी की चेतावनी जारी हुई?
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने शुक्रवार को सुनामी की चेतावनी जारी की। यह चेतावनी पनामा, कोलंबिया, इक्वाडोर, निकारागुआ और ग्वाटेमाला के तटों के लिए थी।

पनामा के राष्ट्रपति जोस राउल मुलिनो ने शुक्रवार को लोगों से शांत रहने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, जो हुआ है, उसका इस्तेमाल डर या अव्यवस्था फैलाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

और पढ़े  राजस्थान: स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, तीन बच्चे घायल, जर्जर भवन पर लगा ताला

किन इलाकों में नुकसान की खबर मिली?
राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा सेवा के अधिकारी उमर स्मिथ ने टेलीमेट्रो रिपोर्टा समाचार चैनल को बताया कि नुकसान मुख्य रूप से मध्य प्रांतों वेरागुआस, हेरेरा और लॉस सैंटोस में हुआ है। उन्होंने कहा कि राजधानी में नुकसान की कोई खबर नहीं है। पनामा सिटी में सैकड़ों ऊंची इमारतें हैं।

स्थानीय समाचार चैनलों पर दिखाए गए वीडियो में मध्य प्रांत कोक्ले के पेनोनोमे शहर में एक कैथोलिक गिरजाघर ढहता नजर आया। एक होटल की बाहरी दीवार का हिस्सा भी टूटकर एक कार पर गिर गया। तत्काल किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली।

पनामा में बार-बार भूकंप आने का खतरा क्यों रहता है?
पनामा ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है। यह प्रशांत महासागर के चारों ओर फैला करीब 40 हजार किलोमीटर (25,000 मील) लंबा क्षेत्र है। यहां ज्वालामुखी और धरती की सतह में दरारों वाले क्षेत्र मौजूद हैं। दुनिया के ज्यादातर भूकंप इसी क्षेत्र में आते हैं।

पनामा की नागरिक सुरक्षा सेवा ने बताया कि भूकंप के केंद्र के पास के इलाकों में संभावित नुकसान का पता लगाया जा रहा है। इसके लिए जांच की जा रही है।

  • Related Posts

    नॉर्वे पर भड़के हैं ट्रंप: बोले-आठ बार युद्ध रोकने के लिए मिलना चाहिए था नोबेल,भारत-पाकिस्तान पर किया ये दावा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने से नाराज हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने आठ युद्ध सुलझाए हैं, इसलिए उन्हें हर युद्ध के लिए एक यानी कुल…

    हरियाणा मंत्रिपरिषद की बैठक आज: लाडो लक्ष्मी का दायरा 3 लाख तक बढ़ाने पर होगी चर्चा

    हरियाणा मंत्रिपरिषद की आज होने वाली बैठक में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके तहत सालाना एक लाख रुपये तक की पारिवारिक आय…