जानकारी के अनुसार, गांधी कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अभिषेक वाल्मीकि शुक्रवार रात करीब दस बजे अपने दोस्त जतिन के साथ स्कूटी से काशीपुर फ्लाईओवर की ओर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान एक स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो सवार भाजपा नेता के भाई ने नीचे उतरकर लोहे की रॉड से दोनों पर हमला कर दिया और कुछ देर बाद भूरारानी निवासी भाजपा नेता भी 10-12 साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और घायल युवकों के साथ मारपीट की। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शोर होने पर अभियुक्त मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से अभिषेक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बरेली रेफर कर दिया गया। जतिन का भी उपचार चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मामला सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और शनिवार सुबह बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग कोतवाली पहुंच गए। अंकित वाल्मीकि ने तहरीर देकर अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। समुदाय के लोगों ने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने मामले में कठोर कार्रवाई नहीं की तो शहर की सफाई व्यवस्था बंद कर आंदोलन किया जाएगा।
मामले में आरोपी पारस चुघ और सन्नी चुघ समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों के प्रयोग समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। – विभव सैनी, सीओ रुद्रपुर