उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर जिले में ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। खुर्जा के सुभाष मार्ग स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में सभासद के भाईओं और जन्मदिन मना रहे युवक के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद जन्मदिन मना रहा युवक अपने घर गया, जहां से अपने भाई की लाइसेंसी पिस्टल ली और साथियों के साथ वापस जिम में गया। यहां पर सभासद के सगे भाई, चचेरे भाई और भतीजे पर ताबड़तोड़ गोली चला दी, जिसमें तीनों की मौत हो गई। घटनास्थल पर डीआईजी कलानिधि नैथानी समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
सुभाष मार्ग पर लाल कुंआ मोहल्ला निवासी संजय सैनी वार्ड 24 से सभासद हैं। संजय सैनी ने बताया कि शनिवार रात को घर से 300 मीटर दूरी पर आरजेएस फिटनेस जिम में फूटा दरवाजा मोहल्ला निवासी जीतू सैनी की जन्मदिन पार्टी थी, जिसमें जिम में आने वाले सभी युवक आमंत्रित थे। इसमें संजय का चचेरा भाई अमरदीप (35) भी गया, जो जीतू का खास दोस्त था।
जीतू और अमरदीप के बीच हुआ था विवाद
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया जिम संचालक का नाम भी जीतू सैनी है, जो हत्या के प्रयास के आरोप में जेल में बंद है। आरोपी ने दो दिसंबर 2025 को खुर्जा न्यायालय में पेशी कर लौट रहे अर्जुन पर गोली चलाई थी, जिसमें पुलिस ने जीतू सैनी समेत छह आरोपियों को जेल भेजा था। इस बिंदु पर भी पुलिस टीम जांच कर रही है।










