लखीमपुर खीरी कांड : घटनास्थल पर आज होगी अंतिम अरदास, बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना..

तिकुनिया में हुए बवाल के दौरान मारे गए किसानों की आत्मा की शांति के लिए अंतिम अरदास (श्रद्धांजलि सभा) मंगलवार को होगी। वहीं पर होने वाली श्रद्धांजलि सभा के लिए करीब 30 एकड़ इलाके में इंतजाम किए गए हैं। यह कार्यक्रम स्थल घटनास्थल से एक किलोमीटर की दूरी पर है। श्रद्धांजलि सभा में पांच लाख किसानों के आने की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम पर नजर रखने के लिए मंडलायुक्त रंजन कुमार बीती रात से ही गुरु नानक देव एकेडमी में कैंप कर रहे हैं। डीएम डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया, एसपी विजय ढुल, एसडीएम ओपी गुप्ता भी वहीं हैं। भारतीय किसान सिख संगठन के तहसील अध्यक्ष गुरमीत सिंह रंधावा और भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष गुरबाज सिंह ने बताया कि कई किसानों की भूमि को मिलाकर कार्यक्रम स्थल तैयार कराया जा रहा है। इसमें पंडाल, पार्किंग और लोगों के बैठने आदि की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे में अखंड पाठ चल रहा है। अखंड पाठ को मंगलवार को विराम दिया जाएगा। उसके बाद अंतिम अरदास होगी।

किसान नेताओं के मुताबिक, कार्यक्रम में पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, यूपी आदि प्रदेशों से किसान आएंगे। उनके खाने की भी व्यवस्था की गई है। रोशनी के लिए 20 जनरेटर लगाए जा रहे है। 15 एकड़ में पंडाल लगाया जाएगा। पार्किंग आदि की सुविधा के लिए अलग से कार्यकर्ताओं को लगाया जा रहा है। उधर, प्रशासन भी मुस्तैद हो गया है। इस अरदास में किसान नेता राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढूनी, बलविंदर सिंह राजेवाल आदि किसान नेता प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
सुबह आठ बजे से होगा अंतिम अरदास का कार्यक्रम
तिकुनिया (लखीमपुर खीरी)। संयुक्त किसान मोर्चा के तहसील अध्यक्ष सतनाम सिंह ने बताया है कि मृतक किसानों की आत्मा की शांति के लिए अंतिम अरदास मंगलवार को सुबह आठ बजे से होगी। जहां पर 8:30 बजे शबद कीर्तन होगा, जो 10:00 बजे तक चलेगा। 10:00 बजे से 2:30 बजे तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। श्रद्धांजलि सभा में सभी को आने की छूट होगी और मंच के सामने बैठना होगा। तिकुनिया कस्बे से दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित ऐतिहासिक कौड़ियाला गुरुद्वारा में अखंड पाठ बीती दस अक्टूबर से शुरू हो गया है, जिसे मंगलवार सुबह 8:00 बजे विराम दिया जाएगा। संवाद

और पढ़े  UP: रिटायरमेंट के बाद भी नहीं खत्म होगी नौकरी, 70 साल तक सेवाएं देते रहेंगे डॉक्टर

राकेश टिकैत तिकुनियां पहुुंचे
मंगलवार को तिकुनिया में होने वाली अंतिम अरदास में शामिल होने के लिए भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत अपने लाव लश्कर के साथ देर शाम तिकुनिया पहुंच गए। सोमवार की रात आठ बजे तिकुनिया पहुंचे राकेश टिकैत सबसे पहले कौड़ियाला गुरुद्वारे में चल रहे पाठ में पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेका। इसके बाद उन्होंने मंगलवार को होने वाले कार्यक्रम का जायजा लिया। संवाद

  • Related Posts

    UP- आईएएस दिव्या मित्तल का इस्तीफा हुआ मंजूर, 31 अगस्त को भेजा गया था केंद्र

    यूपी काडर की वर्ष 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल का इस्तीफा स्वीकार हो गया है। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया…

    CM योगी ने प्रदेश के अधिवक्ताओं को दी कैशलेश इलाज की सौगात, बोले- अदालत पर आम आदमी का विश्वास हो कायम

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाईकोर्ट और जनपद न्यायालय के के अधिवक्ताओं को पांच लाख रुपये कैशलेस इलाज की सुविधा का तोहफा दिया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में पहुंचे…