यूट्यूबर और यूपी पुलिस के दरोगा ने कार में नाबालिग से दरिंदगी!… तेल चोरी का खिलाड़ी है शिवबरन यादव

कानपुर के सचेंडी में 14 वर्षीय किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी यू-ट्यूबर शिवबरन यादव को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी उपनिरीक्षक अमित मौर्य की तलाश जारी है। सोमवार रात हुई दरिंदगी की वारदात में इस्तेमाल की गई दरोगा की स्कॉर्पियो बरामद हो गई है।

एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह के सामने पीड़िता ने यू-ट्यूबर और दरोगा को आरोपी बताया, जिस पर पॉक्सो और सामूहिक दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाई गई। मामले में पुलिस कमिश्नर ने थाना प्रभारी विक्रम सिंह को निलंबित कर दिया, वहीं डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी को डीसीपी हेडक्वार्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बुधवार सुबह एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह पीड़िता के गांव पहुंचे। ग्रामीणों से जानकारी जुटाई तो लोगों ने सचेंडी थाने में तैनात रहे दरोगा अमित मौर्य की काले रंग की स्कॉर्पियो कार के बारे में जानकारी दी। एडीसीपी ने कार और आरोपियों की फोटो पीड़िता को दिखाई, जिसे उसने पहचान लिया।

पीड़िता ने यू-ट्यूबर और दरोगा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। इसके बाद सचेंडी पुलिस ने आरोपी यू-ट्यूबर शिवबरन को गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को पीड़िता के मजिस्ट्रेटी बयान लिए जाएंगे।

सचेंडी में हुई थी घटना
सचेंडी के एक गांव निवासी युवक की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी 14 वर्षीय बहन सोमवार रात करीब 10 बजे किसी कार्य से घर से थोड़ी दूरी पर गई थी। काफी देर तक न लौटने पर घरवालों ने तलाश शुरू की।

रात करीब 12 बजे वह वापस बदहवास हालत में लौटी। बताया कि रास्ते में काली कार सवार दो युवकों ने उसको अंदर खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने अज्ञात कार सवारों पर दुष्कर्म और अपहरण की धाराओं में एफआईआर दर्ज की।

दरोगा का बिठूर थाने में हुआ स्थानांतरण, नहीं कराई रवानगी
कानपुर में दुष्कर्म की वारदात में सहयोगी रहे आरोपी दरोगा अमित मौर्या का तीन दिन पहले ही बिठूर थाने में स्थानांतरण हो गया था लेकिन उसने रवानगी नहीं कराई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दरोगा और यू-ट्यूबर के बीच साठगांठ करने की कई शिकायतें मिली हैं। उन पर तेल चोरी के खेल में शामिल होने
का आरोप है।

और पढ़े  UP MLC Election- लखनऊ-बरेली में खिला कमल, मेरठ में दोनों सीटें BJP के नाम, वाराणसी में सपा जीती

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सचेंडी में ऑयल लाइन से तेल चोरी करने का खेल लंबे समय से चल रहा है। इस कार्य में जुड़े आरोपियों को कुछ पुलिसकर्मियों और ट्यूबरों से सहयोग मिल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, शनिवार की रात को आरपीएफ के एक इंस्पेक्टर ने आरोपी शिवबरन यादव को किसी अन्य आरोपी की जानकारी दी थी जिस पर वह दरोगा के साथ सचेंडी क्षेत्र में निकला था।

पीड़िता के भाई को गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने धमकाया
सचेंडी में किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार शिवबरन पर पीड़िता के भाई ने धमकाने का आरोप लगाया है। बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे गांव के बाहर खरीदारी करने गए थे।

तभी आरोपी बाइक से आया पुलिस के सामने नाम बताने को लेकर देख लेने की धमकी दी। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना पर परिवार ने राहत की सांस ली है। परिवार ने आरोपी दरोगा की भी जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

वहीं, पुलिस ने पीड़िता के भाई का मोबाइल भी जब्त कर लिया। पीड़ित ने शिकायत की तो एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह ने पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते हुए उसका फोन वापस दिलवाया।

यू-ट्यूबर तेल चोरी का खिलाड़ी, कई मामले दर्ज
गिरफ्तार किया गया यू-ट्यूबर शिवबरन सिंह यादव तेल चोरी का बड़ा खिलाड़ी है। उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पनकी पुलिस ने शिवबरन को उसके साथी नीरज के साथ सितंबर 2024 में तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। सचेंडी पुलिस ने भी शिवबरन को काफी मात्रा में लीटर डीजल और पेट्रोल के साथ गिरफ्तार किया था।
और पढ़े  आगरा एमएलसी चुनाव: शिक्षक सीट पर सपा, स्नातक सीट पर भाजपा का दबदबा, जानिए हार-जीत के पांच बड़े कारण

इंस्पेक्टर दीनानाथ बने सचेंडी थाना प्रभारी
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बुधवार को इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा को सचेंडी थाने का प्रभार दे दिया। उनके पास गुजैनी थाने का चार्ज था। दीनानाथ मिश्रा को किशोरी के दुष्कर्म की घटना में निलंबित हुए इंस्पेक्टर विक्रम सिंह की जगह सचेंडी थाने का प्रभारी बनाया गया है। गुजैनी थाने का प्रभार जनशिकायत प्रकोष्ठ के इंस्पेक्टर राजन शर्मा को मिला है।

प्राथमिकी में पॉक्सो व सामूहिक दुष्कर्म की बढ़ाई गई धाराएं
दरोगा अमित मौर्य को निलंबित कर उसकी तलाश में चार टीमें लगाई गई हैं। डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। उन्हें डीसीपी हेडक्वार्टर की जिम्मेदारी दी गई है। तथ्यों से छेड़छाड़ करने, सही धाराओं में एफआईआर दर्ज न करने और अधिकारियों से जानकारी छिपाने में सचेंडी इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है। एफआईआर में पॉक्सो और सामूहिक दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाई गई हैं।– रघुबीर लाल, पुलिस कमिश्नर
  • Related Posts

    यूपी: गृहमंत्री अमित शाह का एलान, तीसरी बार सरकार बनने पर लागू करेंगे समान नागरिक संहिता

    लखनऊ में भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि 2027 में यूपी में तीसरी बार सरकार बनने पर…

    करवाचाैथ की रात पति ने मनाई ऐसी खुशी, लहूलुहान कर दी पत्नी, महिला को अस्पताल में कराना पड़ा भर्ती

    करवा चौथ पर एक ओर महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के लिए चांद का दीदार कर रही थीं, वहीं थाना दक्षिण क्षेत्र में हर्ष फायरिंग के दौरान एक…