सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को नैनीताल में 121 करोड़ 52 लाख रुपये की 13 योजनाओं को तोहफा दिया। सीएम ने 30.66 करोड़ की दो योजनाओं का लोकार्पण और 90.86 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने मुख्य रूप से 42.77 करोड़ रुपये की बहु प्रतीक्षित मेट्रोपोल सर्फेस पार्किंग का भूमि पूजन भी किया।
मेट्रोपोल परिसर में पार्किंग के भूमि पूजन के दौरान उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाने का कार्य करेंगे। इनसे रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। राज्य सरकार आधारभूत जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है। जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ है, इनके कार्य में समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस मौके पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीएम ललित मोहन रयाल आदि रहे।








