उत्तराखंड /रुद्रपुर : रामपुर बॉर्डर पर बाहरी प्रदेशों से आने वाले लोगों की जांच के नाम पर हीलाहवाली की जा रही है। एसडीएम ने रामपुर बॉर्डर का निरीक्षण किया तो स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम नदारद मिली। हालांकि पुलिस कर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद मिले। एसडीएम ने संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ को पत्र भेजा है।
बुधवार सुबह करीब 9:45 बजे एसडीएम विशाल मिश्रा रामपुर बॉर्डर पर की जा रही चेकिंग व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे। चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस कर्मी बाहर से आने वाले लोगों से जानकारी जुटा रहे थे। लेकिन वहां कोरोना सैंपलिंग करने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम नदारद थी।
एसडीएम ने मौके से ही सीएमओ को फोन कर इसकी जानकारी दी और टीम के नहीं होने पर नाराजगी जताई। इसके बाद करीब सवा 10 बजे सैंपलिंग टीम वहां पहुंची। एसडीएम ने बताया कि उन्होंने जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ को पत्र भेज दिया गया है।








