दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर एक युवक ने हमला कर दिया। ये घटना तब हुई जब वे सीएम आवास में जनसुनवाई कर रही थीं। जनसुनवाई के दौरान आरोपी ने सीएम को कुछ कागज दिए। इसके बाद वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उसने मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। इसके साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया। शुरुआती जानकारी में सामने आया था कि हमलावर ने सीएम को थप्पड़ मारा था, हालांकि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस तरह के दावों का खंडन किया है। उन्होंने साफ किया कि सुनवाई के दौरान उस व्यक्ति ने उन पर हमला किया। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान राजेश भाई खिमजी भाई सकारिया के रूप में हुई है।
कौन है रेखा गुप्ता पर हमला करने वाला आरोपी
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि दिल्ली सीएम पर हमला करने वाला आरोपी राजेश भाई खिमजी भाई सकारिया गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। गुजरात के राजकोट शहर में कोठारिया रोड स्थित गोकुल पार्क में अपनी पत्नी, बेटे और माता-पिता के साथ रहता है। आरोपी की मां भानुबेन ने बताया कि वह किसी राजनैतिक दल से जुड़ा हुआ नहीं है। वह जानवरों को प्रेम करता है। दिल्ली में आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश से वह परेशान था और इसी आदेश को लेकर एक विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए वह दिल्ली गया था। भानुबेन ने कहा कि आज की घटना के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।








