दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम पलट गया है। फरवरी में ही तेज गर्मी झेल रहे पूरे इलाके को बादलों ने घेर लिया है, कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई है। दिल्ली में मौसम विभाग ने बुधवार को मौसम के अधिक खराब रहने की चेतावनी जारी की है, जिसके चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राजधानी के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई। गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत एनसीआर के कई इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को मौसम का मिजाज सबसे ज्यादा खराब रहने की उम्मीद है। अनुमान है कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और दोपहर में हल्की बारिश भी हो सकती है। हालांकि, इसके बाद मौसम के साफ होने की उम्मीद है। वहीं, मौसम विभाग ने नोएडा में भी बारिश की संभावना जताई। मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में मौसम बदलेगा। इस हफ्ते न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है।







