कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व से कई राजनीति मुद्दों पर खुली बातचीत से खुद को उत्साहित महसूस कर रहा हूं। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद नई ऊर्जा व स्फूर्ति की अनुभूति हो रही है। इसका असर उत्तराखंड में दिखाई देगा।
मुझे भी नोटिस देकर तलब किया
मैंने नेतृत्व को अवगत कराया कि मैं लंबे समय से बीमार रहा और एक गंभीर परिस्थिति से गुजरा और लोगों ने मेरे स्वास्थ्य को लेकर अपने-अपने तरीके से चिंताएं भी जताई। इसी दौरान ईडी ने भी मेरे एक सहयोगी के घर पर छापा मारा और मुझे भी नोटिस देकर तलब किया। मेरी धन्यवाद यात्रा से पार्टी को लाभ मिल रहा था लेकिन प्रदेश प्रभारी की ओर से यात्रा रोके जाने का निर्देश मिलने के बाद मैंने अपनी आगे की धन्यवाद यात्रा स्थगित कर दी।
हरदा ने कहा, जब चलते हैं तो बहुत सारी धूल उड़ती है, बहुत सारी आवाजें उठती हैं। इससे जो वास्तविक उद्देश्य होता है, वह ढक जाता है। हमारी यात्रा का जो वास्तविक उद्देश्य व लक्ष्य था, वह दोनों धूल और यातायात से उठती हुई आवाजों के कारण कुहासा सा छा गया। राष्ट्रीय नेतृत्व से बातचीत के बाद वह कुहासा छंट गया होगा।








