एडीएम (आपूर्ति) ज्योति गौतम के कार्यालय में शुक्रवार पूरे दिन ऐसे लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा जिनके परिवार में आने वाले दिनों में वैवाहिक कार्यक्रम होने हैं। कमोबेश यही स्थिति डीएसओ कार्यालय की रही। एडीएम ने बताया कि शादी समारोह में खाना पकाने के लिए किसी को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उनके कार्यालय में करीब 100 लोगों ने शादी के कार्ड के साथ सिलिंडर के लिए आवेदन किया है। जिला पूर्ति अधिकारी के पास करीब 150 परिवार आवेदन कर चुके हैं।
एडीएम ने बताया कि जिन लोगों के घरों में शादी का कार्यक्रम है वह लोग शादी के कार्ड के साथ आवेदन पत्र देकर अपनी आवश्यकता के मुताबिक गैस सिलिंडर की डिमांड कर सकते हैं। फिलहाल न्यूनतम अथवा अधिकतम गैस सिलिंडरों की कोई सीमा तय नहीं है, लेकिन प्राप्त आवेदनों की जांच कराने के बाद आवेदकों की आवश्यकता के मुताबिक ही सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। अधिकतम आठ काॅमर्शियल गैस सिलिंडर देने की योजना है। यह सिलिंडर उन्हें किस गैस एजेंसी से मिलेंगे, इसकी सूचना भी आवेदक के मोबाइल नंबर पर दी जाएगी। अगर पहले से किसी के पास काॅमर्शियल सिलिंडर है तो वह अपना खाली सिलिंडर देकर भरा सिलिंडर प्राप्त कर सकेगा। जिनके पास इसकी व्यवस्था नहीं है वह धरोहर राशि जमा करके सिलिंडर प्राप्त कर सकेंगे।