चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से बृहस्पतिवार को काशी से अयोध्या और गोरखपुर से मेरठ तक मौसम ने करवट लिया। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई तो कहीं घने बादलों ने धूप रोक दी। इससे तापमान गिरा और ठंड का अहसास बढ़ गया। शुक्रवार को भी प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने के आसार हैं।
बृहस्पतिवार सुबह वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर समेत पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश हुई। सोनभद्र, मीरजापुर और विंध्य क्षेत्र के अन्य जिलों में भी बूंदाबांदी हुई। मेरठ में सुबह धुंध और ठंड के साथ दिन की शुरुआत हुई। लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि कई जगह घने बादलों ने धूप ढक ली। सहारनपुर में वज्रपात की सूचना मिली। बारिश और तेज हवाओं से तापमान में गिरावट आई और मौसम में ठंडक बढ़ गई।






