राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल ने सभी 37 न्यायाधीशों को जिलों के लिए गार्जियन जज की नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। यह बदलाव न्यायाधीशों के सेवानिवृत्त होने, पदोन्नति और तबादलों के बाद किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
गार्जियन जज अपने अधिकार क्षेत्र में न्यायिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली और न्यायिक व्यवस्था की दक्षता व ईमानदारी से जुड़े मामलों में मुख्य न्यायाधीश को सलाह देंगे। उन्हें जिलों के दौरे से पहले अपना कार्यक्रम मुख्य न्यायाधीश के संज्ञान में लाना होगा। दौरे का कार्यक्रम इस तरह तय करना होगा कि अदालतों के कामकाज पर न्यूनतम असर पड़े।
आदेश की प्रतियां हाईकोर्ट की दोनों पीठों के प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को भेजी गई हैं। जिला न्यायाधीशों को इसे सभी संबंधित अदालतों और जिला जज स्तर के न्यायाधिकरणों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।






