Suicide CASE: खत्म हुआ पूरण कुमार का पोस्टमार्टम, शाम 4 बजे सेक्टर 25 में होगा अंतिम संस्कार

हरियाणा के एडीजीपी वाई पूरण कुमार के शव का पोस्टमार्टम हो गया है। एसएसपी चंडीगढ़ कंवरदीप कौर, कुमार की पत्नी आईएएस अमनीत पी कुमार पीजीआई से वापस लाैट गई हैं। तीन बजे पूरण कुमार का शव सेक्टर 25 क्रिमेशन ग्राउंड लेकर जाया जाएगा और शाम 4 बजे अंतिम संस्कार होगा।

31 सदस्यीय कमेटी का पैदल मार्च रद्द

31 सदस्यीय कमेटी के सदस्य रेशम सिंह ने बताया कि सेक्टर 17 चंडीगढ़ से तय पैदल मार्च रद्द कर दिया गया है। इसके लिए मीटिंग करेंगे, फिर आगे का फैसला लेंगे। रेशम सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार की ओर से परिवार को न्याय नहीं किया गया है, लेकिन सामाजिक और मानवता के नाते पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार का फैसला लिया गया है

निष्पक्ष जांच का आश्वासन

अमनीत पी कुमार की तरफ से कहा गया कि यूटी पुलिस द्वारा निष्पक्ष, पारदर्शी और निष्पक्ष जांच के आश्वासन और हरियाणा सरकार द्वारा आरोपी अधिकारियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्होंने पति के शव का पोस्टमार्टम कराने की सहमति दी है।

समय पर पोस्टमार्टम के साक्ष्यगत महत्व और न्याय के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इसे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, गठित चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा, एक बैलिस्टिक विशेषज्ञ की उपस्थिति में, एक मजिस्ट्रेट की देखरेख में, और पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के साथ कराने पर सहमति व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि मुझे न्यायपालिका और पुलिस अधिकारियों पर पूरा भरोसा है, और मुझे पूरी उम्मीद है कि जांच पेशेवर, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से की जाएगी, ताकि कानून के अनुसार सच्चाई सामने आ सके। जांच दल को मेरा पूरा सहयोग मिलता रहेगा ताकि प्रक्रिया में तेजी आए और जल्द से जल्द न्याय मिले। जांच जारी रहने के मद्देनजर, इस समय कोई और सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया जाएगा और मैं मीडिया से अनुरोध करती हूं कि वे मामले की संवेदनशीलता का सम्मान करें।

और पढ़े  हिमाचल: रूस में फंसे मंडी के तीन युवक, वर्क वीजा के नाम पर 10.50 लाख की ठगी, 3 महीने बाद नौकरी से निकाले

चंडीगढ़ कोर्ट ने अमनीत कुमार को भेजा था नोटिस

इससे पहले मंगलवार को चंडीगढ़ जिला अदालत ने पूरण कुमार की आईएएस पत्नी अमनीत पी कुमार को नोटिस जारी किया। यह नोटिस चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से अदालत में दायर की गई अर्जी पर जारी किया गया था। पुलिस की तरफ से कोर्ट में एप्लीकेशन लगाकर एडीजीपी वाई पूरण कुमार के शव के पोस्टमार्टम की इजाजत मांगी गई थी।

मामले के जांच अधिकारी, एसएसपी और आईजीपी की तरफ से वाई पूरण कुमार के परिजनों से बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद जब परिवार ने पोस्टमॉर्टम के लिए सहयोग नहीं किया, तो पुलिस को मजबूर होकर स्थानीय अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। पुलिस ने अदालत से अनुरोध किया है कि परिवार को शव की पहचान और पोस्टमार्टम के लिए आगे आने का निर्देश दिया जाए।

  • Related Posts

    क्या AI की वजह से अमेरिका में 15 हजार उड़ानें प्रभावित?: जांच में सामने आई यह बड़ी वजह, जानें…

    टेक्नोलॉजी और एविएशन सेक्टर से एक बहुत बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अमेरिका में टेलीकम्युनिकेशन मं अचानक आई एक गंभीर तकनीकी खराबी की वजह से फेडरल एविएशन…

    CM विजय की सुरक्षा में बड़ी चूक: पुलिस का घेरा तोड़कर मुख्यमंत्री तक पहुंचा शख्स, सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की सुरक्षा में शुक्रवार को उस समय बड़ी चूक सामने आई, जब चेन्नई के कोलाथुर इलाके में उनके अचानक किए गए रोड वॉक के…