पूर्व सांसद आनंद मोहन को झटका: करना होगा आत्मसमर्पण, बिहार सरकार का फैसला SC से रद्द

सुप्रीमकोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन को बड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने बिहार सरकार का 2023 का वह फैसला रद्द कर दिया है, जिसके तहत आनंद मोहन को सजा में छूट देकर रिहा किया गया था। यह मामला 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या से जुड़ा है। कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है।

कोर्ट ने पाया कि बिहार सरकार ने 2023 में सजा में छूट देने की नीति में बदलाव किया था। इसके तहत सरकारी कर्मचारियों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाए लोगों को भी सजा में छूट मांगने की अनुमति दे दी गई थी। कोर्ट ने इस बदलाव को असांविधानिक करार दिया है।
हालांकि, कोर्ट ने यह भी कहा कि राज्य सरकार नए सिरे से सजा में छूट देने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। इसके लिए मारे गए अधिकारी की पत्नी और याचिकाकर्ता को अपना पक्ष रखने का मौका देना होगा।

किसकी याचिका पर आया फैसला?
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने यह फैसला सुनाया। पीठ ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका स्वीकार कर ली।

जी कृष्णैया की हत्या उस समय हुई थी, जब आनंद मोहन के नेतृत्व वाली भीड़ ने उन पर हमला किया था। इस मामले में आनंद मोहन को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, बिहार सरकार की ओर से सजा में छूट मिलने के बाद वह 24 अप्रैल, 2023 को जेल से बाहर आ गए थे। तब तक वह 14 साल की सजा काट चुके थे।

और पढ़े  संविधान दिवस: PM मोदी का संदेश, कहा- यह हमारा पथप्रदर्शक है, आपातकाल से लेकर अनुच्छेद 370 तक का किया जिक्र

फैसले की शुरुआत में किसका हवाला दिया?
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता ने फैसले की शुरुआत अमेरिका के 26वें राष्ट्रपति  थियोडोर रूजवेल्ट के एक कथन से की। इस कथन का मतलब है कि न्याय के लिए सही पक्ष का साथ देना जरूरी है। सही और गलत के बीच चुपचाप खड़े रहना सही नहीं है।

पीठ ने कहा कि सच सामने लाने और कानून के तहत मिले अधिकारों की रक्षा करने में कोर्ट को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। पीठ ने यह भी कहा कि सजा में छूट देने का फैसला लेने से पहले पीड़ित को अपना पक्ष रखने का मौका मिलना चाहिए। हालांकि, पीड़ित की आपत्ति को अंतिम फैसला रोकने का अधिकार नहीं माना जा सकता।

बिहार सरकार की नीति में बदलाव को असांविधानिक क्यों ठहराया?
सुप्रीम कोर्ट ने अप्रैल 2023 में बिहार सरकार की ओर से सजा में छूट की नीति में किए गए बदलाव को असांविधानिक बताया। इस बदलाव के तहत सरकारी कर्मचारियों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाए लोगों को भी सजा में छूट मांगने की अनुमति दी गई थी।

कोर्ट ने इस बदलाव पर कहा कि यह बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य या किसी नेक इरादे को दिखाए अचानक किया गया बदलाव था। कोर्ट ने यह भी कहा कि राज्य सरकार किसी तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक उद्देश्य को साबित करने में विफल रही। इसी आधार पर कोर्ट ने इस बदलाव को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन बताया।

पहले बिहार में सजा में छूट का क्या नियम था?
बिहार सरकार की सजा में छूट देने की नीति के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारियों की हत्या के दोषी समय से पहले रिहाई के पात्र नहीं थे। इसके लिए उन्हें कम से कम 20 साल की सजा पूरी करनी होती थी। लेकिन अप्रैल 2023 में राज्य सरकार ने नीति में बदलाव कर यह रोक हटा दी थी। इसी बदलाव से आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता खुला था।

और पढ़े  अग्निवीरवायु के लिए वायुसेना की नई पहल, अब योग की पढ़ाई और प्रमाणपत्र का भी मिलेगा मौका

बिहार गृह विभाग (कारागार) की ओर से 10 अप्रैल, 2023 को जारी परिपत्र को उमा कृष्णैया ने चुनौती दी थी। इसमें बिहार जेल नियमावली, 2012 के नियम 481(1)(ए) में बदलाव किया गया था। इस बदलाव के बाद ‘ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारी की हत्या’ के दोषियों को भी सजा में छूट का पात्र बना दिया गया था। उमा कृष्णैया ने आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को भी चुनौती दी थी।

उमा कृष्णैया ने सरकार के फैसले पर क्या सवाल उठाए?
याचिकाकर्ता ने राज्य सरकार के फैसले को ‘बाहरी कारणों से प्रभावित’ बताया था। उनका कहना था कि सरकार ने फैसला लेते समय जरूरी बातों पर ध्यान नहीं दिया। इनमें जेल में कैदी का व्यवहार और उसका पिछला आपराधिक इतिहास शामिल हैं।

याचिका में यह भी कहा गया कि आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता खोलने के लिए सजा में छूट की नीति में बदलाव करना जनहित के खिलाफ है। इससे सरकारी कर्मचारियों का मनोबल भी गिर सकता है। याचिकाकर्ता की दलील थी कि अपराध के समय जो नीति लागू थी, उसी के आधार पर फैसला होना चाहिए।

पहले सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा था?
सुप्रीम कोर्ट ने 16 जुलाई को इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मौखिक टिप्पणी भी की थी। उसने कहा था कि पटना हाईकोर्ट की इस टिप्पणी से वह परेशान है कि किसी सरकारी कर्मचारी की हत्या को ‘दुर्लभ से दुर्लभतम’ श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि ऐसी टिप्पणी से अपराधियों को सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ अपराध करने के लिए बढ़ावा मिल सकता है।

  • Related Posts

    SC का बड़ा फैसला- ज्यादा तेल-शक्कर वाली चीजों को लेकर सुप्रीमकोर्ट सख्त, केंद्र और FSSAI को निर्देश,जानें

    देश के तेजी से बढ़ते पैकेज्ड फूड और एफएमसीजी (FMCG) सेक्टर के लिए विनियामक मोर्चे पर एक बड़ा नीतिगत मोड़ सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारतीय…

    सौरव दास के खिलाफ लुक आउट नोटिस: क्यों विदेश नहीं जा सके थे सीजेपी प्रवक्ता, केंद्र ने हाईकोर्ट में बताया

    केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को सूचित किया कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया…